Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के छतारी इलाके में शुक्रवार को एक दो मंजिला मकान अचानक ढह गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय प्रशासन और बचाव टीमें मौके पर राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। फिलहाल मकान गिरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
छतारी नगर पंचायत के चेयरमैन हाजी सलीम ने बताया कि हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक महिला को सुरक्षित निकाल लिया गया। गंभीर हालत को देखते हुए महिला को इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया है। वहीं, परिवार के सदस्य ज्ञानचंद ने बताया कि हादसे में उनके बेटे और छोटे भाई की मौत हो गई है। उनकी मां गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें अलीगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार के लिए यह हादसा बड़ा दुख लेकर आया है।
मकान गिरने के कारणों का इंतजार
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीमें राहत कार्य में जुटी हुई हैं। मलबे को हटाने और स्थिति का जायजा लेने का काम जारी है। अधिकारियों की ओर से मकान गिरने की वजह को लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार किया जा रहा है।