UP Cylinder Blast: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां मलवां कस्बे में गैस सिलेंडर फटने से दो मंजिला मकान भरभराकर ढह गया। इस हादसे में 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि 3 लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को पास के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करा दिया।
शाम करीब साढ़े पांच बजे हादसे की सूचना मिलते ही डीएम और पुलिस कप्तान समेत पुलिस, तहसील प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मलबे से 7 लोगों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 का इलाज जारी है। इनमें एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।
डीएम निधि गुप्ता वत्स के मुताबिक, घायल ने बताया कि अचानक सिलेंडर फटने के बाद तेज धमाका हुआ और पूरा इलाका धुएं से भर गया। धमाका इतना जोरदार था कि मलबे के टुकड़े करीब 20 मीटर दूर तक आसपास के मकानों में जा गिरे। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और परिवार से जानकारी लेकर यह सुनिश्चित किया कि मलबे में अब कोई व्यक्ति फंसा नहीं है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज दिलाना है और जरूरत पड़ने पर उन्हें हायर सेंटर भेजा जाएगा।