Aaj Ka Mausam 29 September: देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, 29 सितंबर यानी आज के दिन 22 राज्यों में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। साथ ही इस दौरान 40 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। वहीं, अंडमान सागर, म्यांमार तट और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में शाम तक तेज हवाओं के कारण समुद्र की स्थिति खराब से बेहद खराब रहने की आशंका है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 29 सितंबर को देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ सकता है। उत्तरी अंडमान सागर के पास बने दबाव क्षेत्र के चलते अंडमान-निकोबार में कुछ जगहों पर तेज बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, दूसरी तरफ पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी बारिश, गरज-चमक और आंधी का दौर देखने को मिल सकता है।
29 सितंबर को दिल्ली में मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने वाला रहेगा। राजधानी में दिन का तापमान करीब 33 डिग्री और रात का पारा 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को आसमान काफी हद तक साफ रहने की संभावना है, लेकिन इस दौरान कुछ इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में आज भी कई जिलों में बारिश के आसार है। पश्चिमी यूपी के शामली, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, मुरादाबाद, आगरा समेत कई जिलों के अलावा पूर्वी यूपी के गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, आजमगढ़, देवरिया, कुशीनगर और मऊ में बारिश की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 सितंबर तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
पहाड़ी राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत पहाड़ी राज्यों के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। उत्तराखंड में 29 सितंबर से 4 अक्टूबर तक कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। हिमाचल प्रदेश में भी पिछले दिनों से जारी बारिश का सिलसिला 29 सितंबर को जारी रह सकता है और इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के इलाकों में 29 सितंबर को बारिश के साथ आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली देखने को मिल सकती है। इसके अलावा 2 से 4 अक्टूबर के बीच भी जम्मू-कश्मीर में बारिश का दौर दोबारा सक्रिय रहने के आसार हैं।