Kushinagar Crime News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक वारदात में युवती की गला रेतकर हत्या किए जाने से हड़कंप मच गया। घटना हाटा कोतवाली क्षेत्र के बेलवा सुदामा गांव की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक युवती के घर में घुसा था। बताया जा रहा है कि युवक और युवती के बीच बंद कमरे में पहले हाथापाई हुई। इसी दौरान युवती के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने कमरे का दरवाजा तोड़कर युवक को पकड़ लिया। घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने आरोपी युवक की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
गांव में भारी पुलिस बल तैनात
घटना के दो समुदायों से जुड़े होने के मद्देनजर गांव में तनाव की आशंका को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी और एएसपी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हत्या के पीछे की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।