UP News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां एक तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर हुआ है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार के चलते थार वाहन अनियंत्रित होकर पलटा, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। पुलिस हादसे की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।