
गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा में स्थित आसाराम के आश्रम में एक और बड़ी घटना सामने आई है। आश्रम में ऑल्टो कार में बच्ची का शव मिला है। जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। बच्ची की उम्र करीब 13-14 साल बताई जा रही है। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक मामला नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत विमौर में आसाराम का आश्रम है। वहीं 5 अप्रैल से एक बच्ची लापता थी। 4 दिन बादउसका शव बरामद हुआ है। इस हादसे की सूचना मिलते ही आननफानन में पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार कार के अंदर से बदबू आने पर आश्रम के चौकीदार ने उस कार को खोल कर देखा तो उसके अंदर शव मिला, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। शव मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम आश्रम और गाड़ी की जांच कर रही है।
आपको बता दें कि आसाराम को एक अदालत ने 2013 में अपने आश्रम की लड़की से बलात्कार का दोषी पाया था। इसके साथ ही लड़की का आरोप था कि आसाराम ने उसे जोधपुर के पास मणाई इलाके में अपने आश्रम में बुलाया था और 15 अगस्त 2013 की रात उसके साथ बलात्कार किया। 2013 से ही जोधपुर सेंट्रल जेल में बंद है। उसे 2018 में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। आसाराम ने कई बार जमानत के लिए याचिकाएं दाखिल की हैं, लेकिन हर बार उसकी कोशिशें नाकाम हो गई।
Leave a comment