UP News: उत्तर प्रदेश में रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा चित्रकूट में झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर हुआ, जहां श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए। इनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, दूसरी घटना कानपुर की है, जहां तेज रफ्तार कार ने स्कूटर को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई।
चित्रकूट जिले में झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर रायपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ। जिला अधिकारी पुलकित गर्ग के मुताबिक, मध्य प्रदेश में रजिस्टर्ड ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार श्रद्धालु चित्रकूट में दिवाली मेले में शामिल होने आए थे। मेले के बाद सभी अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाला हुक अचानक निकल गया। इससे ट्रैक्टर और ट्रॉली अलग हो गए और ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
पांच की हालत गंभीर, प्रयागराज रेफर किए गए घायल
डीएम पुलकित गर्ग ने बताया कि हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस से प्रयागराज के अस्पताल में रेफर किया गया है। वहीं, सात लोगों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद घायलों और मृतकों को नजदीकी रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। वहां घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्रयागराज भेज दिया गया, जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजे गए हैं। डीएम के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार ज्यादातर लोग प्रयागराज और रीवा के रहने वाले थे। प्रशासन की ओर से हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य किया गया।