MP News: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में दिवाली की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिले के बरही इलाके में प्लास्टिक के सामान और होलसेल की दुकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। हादसा रविवार रात तीन मंजिला इमारत में हुआ। आग बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित दुकान में लगी, जबकि परिवार के सदस्य ऊपर की मंजिलों पर रहते थे। आग और धुएं के कारण परिवार के छह लोग इमारत में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके।
सब-डिविजनल ऑफिसर ऑफ पुलिस (SDOP) वीरेंद्र नार्वे के मुताबिक, दुकान पूरन लाल अग्रवाल की थी। इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर प्लास्टिक से जुड़ी यूनिट और होलसेल दुकान संचालित होती थी, जबकि ऊपरी मंजिलों पर परिवार रहता था। आग लगने के बाद ऊपर की मंजिलों पर मौजूद परिवार के छह सदस्य इसकी चपेट में आ गए। मृतकों में करीब 70 साल के दो बुजुर्ग, एक महिला और तीन छोटे बच्चे शामिल हैं। इस हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर फैला दी है।
दीये या शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
पुलिस अधिकारी वीरेंद्र नार्वे ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि दिवाली पर जलाए गए दीये या शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो सकती है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य भी चलाया गया।
साढ़े पांच घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, 6 शव बरामद
स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) के अधिकारी विजयांश चौधरी ने बताया कि राहत और बचाव अभियान करीब साढ़े पांच घंटे तक चला। इसमें लगभग साढ़े तीन से चार घंटे तक सक्रिय रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। दमकल की गाड़ियों की मदद से बचाव अभियान पूरा किया गया और छह शव बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि फिलहाल आग पूरी तरह बुझ चुकी है और कोई सक्रिय आग नहीं है। हालांकि, घटनास्थल से अभी भी धुआं उठ रहा है, जिसको लेकर आसपास के लोगों में चिंता बनी हुई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
दिवाली की खुशियों के बीच कटनी में हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार को उजाड़ दिया। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।