Haryana News: हरियाणा के हिसार जिले के बरवाला में दिवाली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब पटाखे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। यहां एक होटल में दोस्तों के साथ दिवाली पार्टी कर रहे युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। हमले में उसका एक दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि तीसरा साथी बाल-बाल बच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद पांचों हमलावर मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान गांव मतलौडा निवासी मंदीप के रूप में हुई है। वह शादीशुदा था और उसका एक बेटा भी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, दिवाली की रात मंदीप अपने दोस्तों नसीब और सचिन के साथ बरवाला के एक होटल में मौजूद था। इसी दौरान वहां पांच अन्य युवक भी पहुंचे हुए थे। बताया जा रहा है कि मंदीप के पटाखे बजाने को लेकर दूसरे पक्ष के युवकों ने आपत्ति जताई। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। शुरुआत में कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
होटल से नीचे उतरते समय चाकू से किया हमला
बताया जा रहा है कि जब मंदीप अपने दोस्तों नसीब और सचिन के साथ होटल से नीचे आने लगा, तभी दूसरे पक्ष के युवकों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने मंदीप पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। अपने दोस्त को बचाने के लिए नसीब बीच में आया तो हमलावरों ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान सचिन सुरक्षित बच गया। वारदात के बाद पांचों आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए।
अस्पताल में मंदीप की मौत, दोस्त की हालत गंभीर
हमले के बाद घायल मंदीप और नसीब को इलाज के लिए बरवाला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने गंभीर चोटों के चलते मंदीप को मृत घोषित कर दिया। वहीं, नसीब की हालत गंभीर होने के कारण उसे अग्रोहा स्थित महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, पांच हमलावरों की तलाश
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान करने के लिए होटल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस वारदात से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है।