Bhopal News: केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान की माता काशी बाई का निधन हो गया। बता दें की भोपाल एम्स में उपचार के दौरान उन्होंने आखिरी सांस ली। शिवराज सिंह चौहान ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस दुखद खबर की जानकारी दी। उन्होंने भावुक होते हुए लिखा, "आज हमारे पूरे परिवार के लिए अत्यंत दुःख और पीड़ा का दिन है। हमारी पूज्य माताजी काशी बाई जी हमें छोड़कर अनंत की यात्रा पर प्रस्थान कर गई हैं। मां का जाना जीवन में एक ऐसी रिक्तता छोड़ जाता है, जिसे कोई भर नहीं सकता। आज उनकी स्मृतियां मन को भावुक कर रही हैं। परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना है कि माताजी को अपने दिव्य धाम में स्थान दें।
राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
जानकारी के अनुसार उनका पार्थिव शरीर आज सुबह 11 से 12 बजे तक भोपाल के साकेत नगर स्थित उनके निवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। लोग वहां पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेंगे। इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव ले जाया जाएगा। दोपहर 3 बजे सीहोर जिले के जैत गांव में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
Also read: इंस्टा पर की दोस्ती, मिलने उज्जैन पहुंची महिला, कॉफी पिलाने के बाद चलती कार में गैंग रेप !
नेताओं ने जताया शोक
माताजी के निधन की खबर सुनते ही पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने X पर पोस्ट कर लिखा कि काशी बाई जी के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देते हुए परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। वहीं ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, "इस गहरे दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं शिवराज जी और उनके परिवार के साथ हैं। महाप्रभु श्री जगन्नाथ दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करें।"ॐ शांति!