
Indian Economy: संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भारत को एआई इम्पैक्ट समिट 2026 की मेजबानी के लिए “सबसे उपयुक्त देश” बताया है। यह शिखर सम्मेलन 16 से 20 फरवरी तक आयोजित होगा और ग्लोबल साउथ में होने वाला पहला एआई समिट होगा। इसमें दुनिया भर के नेता, टेक कंपनियों के प्रमुख और नीति-निर्माता हिस्सा लेंगे।
गुटेरेस ने की भारत की सराहना
पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में गुटेरेस ने भारत की पहल की सराहना करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का विकास पूरी दुनिया और हर व्यक्ति के लाभ के लिए होना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि एआई सिर्फ विकसित देशों या अमेरिका और चीन जैसी महाशक्तियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह मानवता के हित में एक वैश्विक साधन बनना चाहिए।
भारत में सफल उभरती अर्थव्यवस्था- गुटेरेस
गुटेरेस ने भारत को एक सफल उभरती अर्थव्यवस्था बताते हुए कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय मामलों में भारत की भूमिका लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भारत बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था को आकार देने में अहम भूमिका निभा सकता है और इस विषय पर वे प्रधानमंत्री Narendra Modi से चर्चा करने के इच्छुक हैं।
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने सुरक्षा परिषद की कार्यप्रणाली पर भी निराशा जताई और कहा कि इसमें सुधार की जरूरत है, ताकि आज की दुनिया का सही प्रतिनिधित्व हो सके। उन्होंने कहा कि दुनिया को न तो किसी एक शक्ति के पूर्ण वर्चस्व की ओर जाना चाहिए और न ही दो महाशक्तियों में बंटना चाहिए।
सांस्कृतिक विरासत की भी की तारीफ
गुटेरेस ने भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि वे इन दिनों भारत के इतिहास और उसके चीन, दक्षिण-पूर्व एशिया और रोमन साम्राज्य तक के प्रभाव के बारे में पढ़ रहे हैं। समिट में फ्रांस के राष्ट्रपति Emmanuel Macron, ब्राजील के राष्ट्रपति Luiz Inacio Lula da Silva, गूगल के सीईओ Sundar Pichai, एडोबी के सीईओ Shantanu Narayen और एंथ्रोपिक के सीईओ Dario Amodei सहित कई वैश्विक नेता शामिल होंगे। ये शिखर सम्मेलन पीपल, प्लैनेट और प्रोग्रेस जैसे विषयों पर केंद्रित रहेगा और एआई के अवसरों के साथ-साथ उसके संभावित जोखिमों पर भी गहन चर्चा की जाएगी।
Leave a comment