Delhi Traffic Advisory: संसद का मानसून सत्र सोमवार, 20 जुलाई 2026 से शुरू हो गया है। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नई दिल्ली इलाके में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। पुलिस ने लोगों को पहले से यात्रा की योजना बनाने और संसद भवन के आसपास की कई प्रमुख सड़कों और चौराहों से बचने की सलाह दी है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एडवाइजरी में कहा कि संसद के मानसून सत्र के दौरान नई दिल्ली क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था और वीआईपी मूवमेंट के कारण कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन और प्रतिबंध लागू किए जाएंगे। ऐसे में लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।
इन सड़कों पर भीड़ अधिक होने की संभावना
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार रफी मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, मौलाना आजाद रोड, के. कामराज मार्ग, रायसीना रोड, राजेंद्र प्रसाद रोड, संसद मार्ग, अशोक रोड, तालकटोरा रोड, पंडित पंत मार्ग और रकाबगंज गुरुद्वारा रोड जैसी प्रमुख सड़कों पर भीड़ अधिक रहने की संभावना है। इसके अलावा विजय चौक, बोट क्लब, रेल भवन राउंडअबाउट, सुनेहरी मस्जिद राउंडअबाउट, पटेल चौक, बूटा सिंह चौक, प्राइम चौक, जीआरजी चौक, जलेबी चौक, जनपथ, मानसिंह रोड, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, शांति पथ, मौलाना अबुल कलाम आजाद रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, पंचशील मार्ग, विनय मार्ग, कनॉट प्लेस का आउटर सर्कल, बाबा खड़क सिंह मार्ग, आरएमएल राउंडअबाउट, मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड, 11 मूर्ति और सरदार पटेल मार्ग जैसे चौराहों और मार्गों पर भी ट्रैफिक प्रभावित रह सकता है।
दिल्ली ट्रैफिक ने की लोगों से आपील
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करें और अनावश्यक रूप से संसद क्षेत्र की ओर जाने से बचें। पुलिस ने कहा कि यदि जरूरी हो तो लोग वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें, ताकि ट्रैफिक जाम से बचा जा सके। रियल-टाइम ट्रैफिक अपडेट के लिए लोग दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट, सोशल मीडिया हैंडल, व्हाट्सएप नंबर 8750871493 या हेल्पलाइन नंबर 1095 और 011-25844444 पर संपर्क कर सकते हैं। इससे यात्रियों को अपने सफर की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी।
Also read: Maharashtra News: महाराष्ट्र के समृद्धि हाईवे पर बड़ा हादसा, ट्रक-कार की टक्कर के बाद लगी आग; 6 लोगों की मौत