Us-Iran Talks: अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव को कम करने के लिए एक बार फिर बातचीत की तैयारी हो रही है। इस्लामाबाद में हुई वार्ता बेनतीजा रहने के बाद अब दोनों देशों के बीच इस हफ्ते के अंत तक नई बातचीत हो सकती है। ये बातचीत 21 अप्रैल को खत्म होने वाले दो हफ्ते के युद्धविराम (सीजफायर) से पहले होने की संभावना है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि अगर ईरान उनकी शर्तों को मानने के लिए तैयार होता है, तो वह आमने-सामने बैठकर बातचीत फिर शुरू करने के लिए तैयार हैं।
नई मीटिंग पर विचार
जानकारी के अनुसार, दोनों देश एक समझौते तक पहुंचने के लिए नई मीटिंग पर विचार कर रहे हैं, ताकि पिछले छह हफ्तों से जारी संघर्ष को खत्म किया जा सके। बताया जा रहा है कि इस्लामाबाद और जिनेवा नई बातचीत के संभावित स्थान हो सकते हैं, हालांकि अभी समय और जगह तय नहीं हुई है। एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि यह बातचीत गुरुवार तक हो सकती है।
कुछ सकारात्मक संकेत भी मिले- जेडी वेंस
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी कहा कि बातचीत के दौरान ईरान ने कुछ मामलों में अमेरिका की दिशा में कदम बढ़ाए हैं, लेकिन अभी और प्रगति की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बातचीत पूरी तरह विफल नहीं रही और कुछ सकारात्मक संकेत भी मिले हैं। इससे पहले रविवार को इस्लामाबाद में करीब 21 घंटे तक चली बातचीत बिना किसी नतीजे के खत्म हो गई थी। इस बैठक में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जेडी वेंस कर रहे थे, जबकि ईरान की ओर से संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ शामिल थे।
कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा
बातचीत के दौरान कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें स्ट्रेट ऑफ होर्मुज, ईरान का परमाणु कार्यक्रम और अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध शामिल हैं। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के लिए ऊर्जा आपूर्ति का एक बड़ा रास्ता है, जिसे लेकर दोनों देशों में तनाव बना हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बातचीत के दौरान उम्मीद थी कि कोई बड़ा समझौता हो जाएगा, लेकिन अचानक हालात बदल गए और बात आगे नहीं बढ़ सकी। अब दोनों देशों के बीच नई बातचीत से उम्मीद जताई जा रही है कि सीजफायर खत्म होने से पहले कोई समाधान निकल सकता है।
Also read: ईरान के साथ सीजफायर कभी भी हो सकता है खत्म! बेंजामिन नेतन्याहू ने दी चेतावनी