Success Story: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में गिनी जाती है। हर साल लाखों अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन सफलता कुछ चुनिंदा उम्मीदवारों को ही मिल पाती है। ऐसे में उत्तर प्रदेश की दो बहनों की कहानी संघर्ष, धैर्य और दृढ़ संकल्प की मिसाल बनकर सामने आई है। लगातार असफलताओं का सामना करने के बावजूद दोनों बहनों ने अपने सपनों को टूटने नहीं दिया। नतीजा यह रहा कि बड़ी बहन भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी बनीं, जबकि छोटी बहन भारतीय राजस्व सेवा (IRS) में चयनित हुईं।
उन्नाव की रहने वाली हैं IAS सौम्या मिश्रा
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले की पुरवा तहसील के अजयपुर गांव की निवासी सौम्या मिश्रा वर्तमान में मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में सहायक कलेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। उनके पिता राघवेंद्र कुमार मिश्रा दिल्ली के एक सरकारी विद्यालय में लेक्चरर हैं, जबकि उनकी माता रेनू मिश्रा हैं।
सौम्या ने दिल्ली विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक और परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने एक कॉलेज में लेक्चरर के रूप में भी कार्य किया।
Also read: IAS Success Story: एक ताने ने बदल दी जिंदगी, MBBS डॉक्टर बनीं IAS अफसर
UPPSC में हासिल की थी दूसरी रैंक
UPSC की तैयारी के दौरान सौम्या ने वर्ष 2021 में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की परीक्षा भी उत्तीर्ण की थी। इस परीक्षा में उन्होंने प्रदेशभर में दूसरी रैंक प्राप्त की, जिसके बाद उनका चयन मिर्जापुर जिले के मड़िहान में एसडीएम पद पर हुआ।
हालांकि, उनका सपना IAS अधिकारी बनने का था। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ UPSC की तैयारी जारी रखी।
तीन बार असफलता, चौथे प्रयास में मिली बड़ी सफलता
सौम्या का UPSC सफर आसान नहीं रहा। शुरुआती तीन प्रयासों में उन्हें असफलता का सामना करना पड़ा। दूसरे प्रयास में वह इंटरव्यू तक पहुंचीं लेकिन अंतिम चयन नहीं हो सका। तीसरे प्रयास में वह प्रारंभिक परीक्षा भी पास नहीं कर पाईं।
Also read: Success Story: मां का निधन..पिता ने बढ़ाया हौसला, बेटी बनीं IAS अफसर
इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और तैयारी जारी रखी। उनकी मेहनत रंग लाई और चौथे प्रयास में उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 18 हासिल कर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में जगह बनाई।
सौम्या की सफलता ने उनकी छोटी बहन सुमेघा मिश्रा को भी प्रेरित किया। उन्होंने भी UPSC सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की। इस दौरान उन्हें भी असफलता का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने अपनी बहन की तरह संघर्ष जारी रखा।
आखिरकार UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2024 में सुमेघा ने ऑल इंडिया रैंक 253 हासिल की और उनका चयन भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के लिए हुआ।