चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद भी रोहित की कप्तानी पर संकट, जल्द होगा बड़ा ऐलान

चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद भी रोहित की कप्तानी पर संकट, जल्द होगा बड़ा ऐलान

Rohit Sharma Test Captain: भारतीय टीम ने 13साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया। इस शानदार जीत के बाद कप्तान रोहित शर्मा की जमकर तारीफ हो रही है। साथ ही, उनकी कप्तानी जारी रहने को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

बता दें कि,IPL 2025खत्म होने के चार हफ्ते बाद भारतीय टीम को इंग्लैंड दौरे पर जाना है। चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के बाद यह माना जा रहा है कि रोहित शर्मा 20जून से शुरू हो रही टेस्ट सीरीज में भी कप्तानी कर सकते हैं। लेकिन अभी तक चयनकर्ताओं ने इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है।

क्या रोहित ही रहेंगे कप्तान? चयन समिति में मतभेद

एनबीटी की रिपोर्ट के अनुसार, चयन समिति में रोहित शर्मा को कप्तान बनाए रखने पर सहमति नहीं बन पाई है। सफेद गेंद क्रिकेट में उनका व्यक्तिगत रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है। उनकी कप्तानी में भारत ने लगातार तीन ICC फाइनल खेले हैं। लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उनका प्रदर्शन सवालों के घेरे में आ गया है।

टेस्ट क्रिकेट में रोहित का रिकॉर्ड चिंताजनक

पिछले साल अक्टूबर में न्यूजीलैंड भारतीय सरजमीं पर भारत को क्लीन स्वीप करने वाली पहली टीम बनी थी। इसके बाद, रोहित शर्मा को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीतकर खुद को मजबूत टेस्ट कप्तान साबित करने का मौका मिला, लेकिन भारत को 1-3से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के कारण टीम इंडिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की दौड़ से बाहर हो गई।

आखिरी टेस्ट में नहीं खेले थे रोहित

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (2023-2025) चक्र में भारत ने 9मुकाबले जीते, जबकि 8में हार का सामना किया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के आखिरी मैच में रोहित शर्मा ने खुद को बाहर कर लिया था। उनका कहना था कि जब कई खिलाड़ी खराब फॉर्म में हों, तो यह टीम के हित में सही नहीं होता।

अब सभी की नजरें चयनकर्ताओं के फैसले पर टिकी हैं। क्या रोहित शर्मा इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी करेंगे, या फिर टीम को नया कप्तान मिलेगा? यह सवाल अब भी बना हुआ है।

Leave a comment