BPL solar subsidy: हरियाणा सरकार प्रदेश में सौर ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) की ओर से रूफटॉप सोलर योजना के तहत लोगों को सोलर पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब पलवल जिले के दो बीपीएल परिवारों ने अपने घरों पर सोलर संयंत्र लगाकर दूसरों के लिए भी मिसाल पेश की है।
पलवल जिले के गांव मच्छीपुरा हसनपुर के रहने वाले प्रवीन कुमार और श्रीचंद ने अपने-अपने घरों की छत पर दो-दो किलोवाट क्षमता के रूफटॉप सोलर पैनल लगवाए हैं। दोनों परिवारों को राज्य सरकार की ओर से 50-50 हजार रुपये की सब्सिडी दी गई है। इस आर्थिक सहायता से सोलर संयंत्र लगाने की लागत काफी कम हो गई।
क्या हुआ फायदा?
रूफटॉप सोलर पैनल लगने के बाद अब दोनों परिवार अपनी घरेलू बिजली की जरूरत का बड़ा हिस्सा खुद पूरा कर सकेंगे। इससे उनके हर महीने आने वाले बिजली बिल में भी अच्छी बचत होगी। साथ ही अतिरिक्त बिजली का लाभ भी उन्हें भविष्य में मिल सकता है। पलवल सर्कल के अधीक्षण अभियंता रंजन राव ने बताया कि रूफटॉप सोलर योजना से लोगों को आर्थिक लाभ मिलने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिल रही है। सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से कार्बन उत्सर्जन कम होगा और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
लोगों से की गई अपील
उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठाएं और अपने घरों पर सोलर पैनल लगवाएं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में इस योजना को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि लोग बिजली के खर्च में बचत कर सकें और ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भर बन सकें। अधीक्षण अभियंता ने लोगों से अपील की कि वे रूफटॉप सोलर योजना का लाभ उठाकर स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा को अपनाएं। उनका कहना है कि इससे न केवल बिजली का खर्च कम होगा, बल्कि पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा।
सरकार का मानना है कि इस तरह की पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा का उपयोग बढ़ेगा और दूसरे लोग भी इससे प्रेरित होकर अपने घरों में सोलर संयंत्र लगवाने के लिए आगे आएंगे। इससे हरियाणा को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी।
Also read: HTET Exam 2025: हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा में इस बार हर सेंटर पर होंगे अधिकारी तैनात, कंट्रोल रुम होंगे स्थापित, देखें क्या क्या है तैयारी?