UP Smart RC: उत्तर प्रदेश सरकार 1 अगस्त से वाहनों के लिए नई स्मार्ट रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (Smart RC) जारी करने जा रही है। अब तक मिलने वाली कागजी आरसी की जगह लोगों को एटीएम कार्ड जैसी स्मार्ट आरसी दी जाएगी। इसमें क्यूआर कोड और इलेक्ट्रॉनिक चिप लगी होगी, जिससे वाहन की जानकारी तुरंत और डिजिटल तरीके से जांची जा सकेगी।
पुराने वाहन मालिकों के लिए भी उपलब्ध होगी सुविधा
परिवहन विभाग के अनुसार, यह सुविधा केवल नए वाहनों के लिए ही नहीं बल्कि पुराने वाहन मालिकों के लिए भी उपलब्ध होगी। जिन लोगों के पास पहले से वाहन है, वे भी अपनी पुरानी पेपर आरसी को स्मार्ट आरसी में बदलवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। राज्य सरकार ने इस योजना की तैयारी पहले ही शुरू कर दी थी। जून महीने में इसकी घोषणा की गई थी। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह के निर्देश पर विभाग ने स्मार्ट आरसी जारी करने की पूरी व्यवस्था कर ली है।
कैसा दिखेगा स्मार्ट आरसी?
नई स्मार्ट आरसी देखने में एटीएम कार्ड जैसी होगी। इसमें लगा क्यूआर कोड और चिप वाहन से जुड़ी जरूरी जानकारी को सुरक्षित रखेंगे। ट्रैफिक पुलिस या परिवहन विभाग के अधिकारी क्यूआर कोड स्कैन कर वाहन की जानकारी तुरंत देख सकेंगे। इससे वाहन की जांच पहले से अधिक आसान, तेज और पारदर्शी हो जाएगी। स्मार्ट आरसी के जरिए फर्जी दस्तावेजों पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा वाहन मालिकों को कागज की आरसी खराब होने या खो जाने की चिंता भी नहीं रहेगी। कार्ड लंबे समय तक सुरक्षित रहेगा और इसे साथ रखना भी आसान होगा।
आवेदन कर प्राप्त कर सकते हैं स्मार्ट आरसी
परिवहन विभाग का कहना है कि जिन लोगों के पास पुरानी पेपर आरसी है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर स्मार्ट आरसी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए विभाग की ओर से जल्द ही सभी क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों (RTO) में आवश्यक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का मानना है कि स्मार्ट आरसी लागू होने से परिवहन व्यवस्था अधिक आधुनिक और डिजिटल बनेगी। इससे वाहन मालिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी और वाहन सत्यापन की प्रक्रिया भी पहले की तुलना में अधिक तेज, सुरक्षित और आसान हो जाएगी।
Also read: Uttarakhand News: 'ऑपरेशन प्रहार' में दून पुलिस को बड़ी सफलता, दिल्ली का शातिर स्नैचर गिरफ्तार, छीनी गई चेन बरामद