Uttarakhand News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बलिदान दिवस के अवसर पर महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने ऊधम सिंह नगर के गदरपुर पहुंचकर शहीद ऊधम सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन साहस, संकल्प और राष्ट्रभक्ति की अद्वितीय मिसाल है। देश की आजादी के लिए उनका योगदान और बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।
अखंड पाठ में हुए शामिल
मुख्यमंत्री ने शहीद ऊधम सिंह की स्मृति में आयोजित अखंड पाठ कार्यक्रम में भी सहभागिता की। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
सीएम धामी ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह ने जलियांवाला बाग नरसंहार के दोषी जनरल डायर के सहयोगी माइकल ओ'ड्वायर को सजा देकर देश के स्वाभिमान और न्याय की भावना को मजबूत किया। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को देशप्रेम और कर्तव्य की प्रेरणा देता रहेगा।