Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को जबरदस्त बहार देखने को मिली। चौतरफा खरीदारी के दम पर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हरे निशान में बंद हुए। सबसे ज्यादा धमाल ऑटो सेक्टर के शेयरों ने मचाया, जहां निवेशकों ने जमकर पैसा लगाया और निफ्टी ऑटो में 4 फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई। बैंकिंग और कंज्यूमर सेक्टर के शेयरों ने भी बाजार को मजबूती दी।इस तेजी के चलते सेंसेक्स एक बार फिर 83,000 के स्तर के पार पहुंच गया, जबकि निफ्टी ने भी 25,500 का अहम आंकड़ा हासिल कर लिया। गुरुवार के कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 989.94 अंक यानी 1.21 फीसदी की बढ़त के साथ 83,021.75 पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 286.35 अंक यानी 1.14 फीसदी चढ़कर 25,514.30 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार में तेजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि निवेशकों ने ऑटो, बैंकिंग और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स समेत कई सेक्टरों के शेयरों में खरीदारी की।
ऑटो शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी
गुरुवार को बाजार की तेजी की सबसे बड़ी वजह ऑटो कंपनियों के शेयर रहे। निफ्टी ऑटो इंडेक्स में कारोबारी सत्र के दौरान 4 फीसदी से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। मारुति सुजुकी, आयशर मोटर्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसे शेयर निफ्टी के प्रमुख टॉप गेनर्स में शामिल रहे। इसके अलावा कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और एफएमसीजी कंपनियों के शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। सरकारी बैंकों के शेयरों में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ने से निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स को भी मजबूती मिली।
बैंकिंग शेयरों ने भी बाजार को दिया सहारा
बैंकिंग सेक्टर में भी गुरुवार को शानदार कारोबार देखने को मिला। निफ्टी बैंक इंडेक्स ने कारोबार के दौरान 63,053.25 का नया ऑल टाइम हाई छुआ। हालांकि, बाद में इसमें कुछ उतार-चढ़ाव आया, लेकिन यह अच्छी बढ़त के साथ बंद हुआ। बाजार में बैंकिंग शेयरों की खरीदारी ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया।
Also read: UPTET 2027: टीचर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर...UPTET 2027 का नोटिफिकेशन जारी, इस दिन से शुरू होंगे आवेदन
आगे कैसी रहेगी बाजार की चाल?
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, निफ्टी के लिए 25,500 का स्तर काफी अहम है। इस स्तर के ऊपर मजबूती से टिके रहने पर इंडेक्स 25,800 से 26,000 के दायरे की ओर बढ़ सकता है। वहीं, नीचे की तरफ 25,400 और 25,300 के स्तर को अहम सपोर्ट माना जा रहा है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि विदेशी निवेशकों की खरीदारी और कंपनियों के नतीजे आने वाले दिनों में बाजार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।