Redmi 17 5G: स्मार्टफोन ब्रांड रेडमी ने अपने 5G फोन Redmi 17 को अब बांग्लादेश के बाजार में उतार दिया है। सितंबर में भारत में लॉन्च हुआ यह स्मार्टफोन पड़ोसी देश में कुछ अलग हार्डवेयर और फीचर्स के साथ पेश किया गया है। खास बात यह है कि कंपनी ने इस फोन के अलग-अलग बाजारों के लिए स्पेसिफिकेशन्स में बदलाव किए हैं। भारत में जहां यह फोन 7,900mAh की बैटरी के साथ आता है, वहीं बांग्लादेश में इसकी बैटरी क्षमता 7,500mAh रखी गई है। चीन में इसका एक अलग वेरिएंट भी उपलब्ध है।
Redmi 17 5G के बांग्लादेशी वेरिएंट में 7,500mAh की बैटरी दी गई है। इसके मुकाबले भारतीय मॉडल में 7,900mAh और चीनी मॉडल में 6,300mAh की बैटरी मिलती है। चार्जिंग क्षमता के मामले में भी इन वेरिएंट्स के बीच अंतर है। भारत और बांग्लादेश में लॉन्च किए गए फोन में 45W फास्ट चार्जिंग और 22.5W रिवर्स चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है। वहीं चीन में पेश किए गए मॉडल में 15W फास्ट चार्जिंग और 7.5W रिवर्स चार्जिंग की सुविधा मिलती है।
Snapdragon प्रोसेसर और Android 16 का सपोर्ट
ग्लोबल मार्केट के लिए Redmi 17 5G में Qualcomm Snapdragon 4 Gen 5 चिपसेट दिया गया है। 4nm तकनीक पर तैयार यह ऑक्टा-कोर प्रोसेसर 2.0GHz से 2.4GHz तक की क्लॉक स्पीड पर काम करता है। फोन में Android 16 आधारित HyperOS 3 ऑपरेटिंग सिस्टम मिलता है। हालांकि, चीन में उपलब्ध इस स्मार्टफोन का प्रोसेसर अलग है। वहां कंपनी ने इसे Unisoc T8300 चिपसेट के साथ पेश किया है। यानी एक ही नाम से लॉन्च किए गए फोन में बाजार के हिसाब से प्रोसेसर का भी बदलाव किया गया है।
120Hz रिफ्रेश रेट वाली 6.9 इंच की डिस्प्ले
फोन में 6.9 इंच की HD+ LCD स्क्रीन दी गई है, जिसका रेजोल्यूशन 1600 x 720 पिक्सल है। पंच-होल डिजाइन वाली इस डिस्प्ले में 120Hz रिफ्रेश रेट और 240Hz टच सैंपलिंग रेट मिलता है। इसकी पीक ब्राइटनेस 825 निट्स तक है। आंखों पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करने के लिए कंपनी ने इसमें लो ब्लू लाइट और फ्लिकर-फ्री सर्टिफिकेशन दिया है। डिस्प्ले की सुरक्षा के लिए Gorilla Glass 7i का प्रोटेक्शन भी मौजूद है।
50MP कैमरा और IP65 रेटिंग
फोटोग्राफी के लिए Redmi 17 5G के पिछले हिस्से में डुअल कैमरा सेटअप मिलता है। इसमें LED फ्लैश के साथ 50 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा दिया गया है, जिसका अपर्चर f/1.8 है। इसके साथ एक AI सेकेंडरी लेंस भी मौजूद है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। अन्य फीचर्स की बात करें तो इसमें Wi-Fi, Bluetooth 5.1, NFC और IR Blaster जैसे कनेक्टिविटी विकल्प मिलते हैं। फोन को धूल और पानी से बचाव के लिए IP65 रेटिंग दी गई है।
Redmi 17 5G की कीमत कितनी है?
बांग्लादेश में Redmi 17 5G को 6GB RAM और 128GB स्टोरेज वाले एक वेरिएंट में लॉन्च किया गया है। इसकी कीमत 31,999 बांग्लादेशी टका रखी गई है। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 24,490 रुपये होती है। वहीं, भारत में इस स्मार्टफोन के 6GB RAM और 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 23,999 रुपये है। इसके अलावा 8GB RAM और 128GB स्टोरेज वाला मॉडल 26,999 रुपये में उपलब्ध है।