Gurugram Luxury Property Deal: हरियाणा के साइबर सिटी गुरुग्राम का रियल एस्टेट बाजार एक बार फिर चर्चा में है। शहर के गोल्फ कोर्स रोड पर स्थित डीएलएफ के अल्ट्रा-लक्जरी प्रोजेक्ट ‘द डहेलियाज’ में देश की सबसे महंगी आवासीय डील्स में से एक दर्ज की गई है। इस प्रोजेक्ट के पहले टावर की 20वीं मंजिल पर एक अपार्टमेंट करीब ₹120.71 करोड़ (लगभग ₹121 करोड़) में बेचा गया है। यह महंगा सौदा जाने-माने निवेशक मधुसूदन केला द्वारा किया गया है। यह डील देश के प्रीमियम रियल एस्टेट बाजार में एक नया रिकॉर्ड मानी जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार इस अपार्टमेंट की कीमत मुंबई के मालाबार हिल और दिल्ली के लुटियंस जोन जैसे सबसे महंगे इलाकों के बराबर पहुंच गई है।
खरीदार को मिलेगी विशेष पार्किंग
यह अपार्टमेंट लगभग 8,044 स्क्वायर फीट क्षेत्र में फैला है, जिसमें करीब 1,810 स्क्वायर फीट की विशाल बालकनी भी शामिल है। इस सौदे में कारपेट एरिया के हिसाब से कीमत लगभग ₹1.93 लाख प्रति स्क्वायर फीट बैठती है, जो इसे भारत के सबसे महंगे आवासीय सौदों में शामिल करता है। इसके साथ ही खरीदार को बेसमेंट में पांच गाड़ियों के लिए विशेष पार्किंग स्लॉट भी दिया गया है। यह सौदा 15 अप्रैल 2026 को आधिकारिक रूप से रजिस्टर्ड किया गया।
सुर्खियों में बना डीएलएफ का प्रोजेक्ट
‘द डहेलियाज’ प्रोजेक्ट लगातार हाई-प्रोफाइल खरीदारों को आकर्षित कर रहा है। इससे पहले भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने भी यहां करीब ₹69 करोड़ का एक लक्जरी अपार्टमेंट खरीदा था। वहीं, एक बड़े कारोबारी ने इसी प्रोजेक्ट में करीब ₹380 करोड़ का निवेश कर चार अपार्टमेंट एक साथ खरीदे थे। डीएलएफ का यह प्रोजेक्ट अपनी आधुनिक सुविधाओं और प्रीमियम डिजाइन के कारण लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। कंपनी अब तक इस प्रोजेक्ट में 221 लक्जरी अपार्टमेंट बेच चुकी है, जिससे उसे लगभग ₹16,000 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ है। कंपनी का दावा है कि सभी खरीदारों को 31 दिसंबर 2031 तक ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट (OC) के साथ पजेशन दे दिया जाएगा।
90 दिनों के भीतर मिलेगी ये खास सुविधा
साथ ही, कंपनी ने यह भी आश्वासन दिया है कि पजेशन मिलने के बाद पांच वर्षों तक यदि किसी प्रकार की संरचनात्मक खराबी आती है, तो उसे 90 दिनों के भीतर बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के ठीक किया जाएगा। इस डील के साथ गुरुग्राम का रियल एस्टेट बाजार एक बार फिर भारत के सबसे महंगे और तेजी से बढ़ते प्रॉपर्टी बाजारों में अपनी मजबूत पकड़ साबित कर रहा है।
Also read: Haryana news : हरियाणा में ACB टीम की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते पटवारी को रंगे हाथ किया गिरफ्तार