
नई दिल्ली: देश में हर साल लाखों लोग राजस्थान के सीकर में स्थित खाटू श्याम जी के दर्शन करने आते है। ऐसे में अब खबर सामने आई है कि मंदिर को 13 नवंबर की रात से अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। इससे पहले रविवार को करीब पांच लाख लोगों ने खाटूश्याम के दर्शन किए।
सूचना के अनुसार, श्री श्याम मंदिर कमेटी खाटूश्यामजी सीकर ने एक पत्र जारी किया है। जिसमें लिखा गया है कि सभी श्याम भक्तों को सूचित किया जाता है कि भक्तों के लिए सुलभ एवं सुगम दर्शन व्यवस्था करने हेतु दिनांक 13.11.2022 को रात्रि 10 बजे से श्याम मंदिर खाटूश्यामजी को आगामी आदेशों तक आम दर्शनार्थ पूर्ण रूप से बंद किया जा रहा है। अतः सभी श्याम भक्तों से निवेदन है कि आगामी आदेशों के उपरान्त ही श्याम बाबा के दर्शन हेतु पधारें। कृपया व्यवस्थाओं में सहयोग करें।'
लक्खी मेले की हो रही तैयारियां
सीकर में अगले साल होने वाले बाबा श्याम में लक्खी मेले के अब सिर्फ चार महीने रह गए है ऐसे में जिला प्रशासन और मंदिर कमेटी तैयारियों में जुट गई है। जिसको लेकर जिला कलेक्टर अमित यादव और पुलिस अक्षीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप ने एक बैठक की थी। जिसमें बैठक में कलेक्टर ने कहा था कि मेले से पहले व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना होगा, जिससे भक्तों को यहां आने पर कोई दिक्क्त न हो। कलेक्टर ने दिसम्बर के आखिर तक मंदिर विस्तार का काम पूरा करने के निर्देश भी दिए है। मंदिर कमेटी ने जिला प्रशासन की पहल पर शुक्रवार से ही काम शुरू करने की बात कही है।
भक्तों के 16 लाइनों में होंगे दर्शन
मिली जानकारी के अनुसार, मेले के चलते मुख्य मंदिर में भक्तों के प्रवेश और निकासी व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा। ऐसे में 75 फीट मेला ग्राउंड में श्रद्धालुओं के दर्शने के लिए 16 लाइने बनाई जाएगी। साथ ही खाटू श्याम मंदिर कमेटी का कहना है कि लखदातार मैदान में सीसी कवर्ड, टीन शेड और स्थायी जिगजैग बनाया जाएगा और लखदातार मैदान के एंट्री गेट और एग्जिट गेट पर निशान रखने के लिए व्यवस्था की जाएगी। लखदातार मैदान के बाहर एग्जिट गेट पर बड़ा गेट लगाया जाएगा फतेहाबाद धर्मशाला के सामने रास्ते पर कमेटी सीसी सड़क बनवाएगी और कृष्णा सर्किट योजना में बने रेस्ट रूम, टॉयलेट और आवास बनाये जायेंगे। इससे भक्तों को राहत मिलेगी।
Leave a comment