Qantas Airways Layoff: ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज एयरलाइन क्वांटास एयरवेज (Qantas Airways) करीब 850 नौकरियों में कटौती करने की योजना बना रही है। इससे फाइनेंस, प्रोक्योरमेंट, ह्यूमन रिसोर्स और मार्केटिंग विभागों के कर्मचारी प्रभावित होंगे। कंपनी ने इस फैसले के पीछे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ऑटोमेशन को बड़ी वजह बताया है।
भारत में शिफ्ट होंगी ज्यादातर नौकरियां
रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्वांटास ने इसके लिए कंसल्टिंग और टेक्नोलॉजी कंपनी एक्सेंचर (Accenture) के साथ कई साल की साझेदारी की है। इस बदलाव की शुरुआत मिड 2027 यानी अगले साल मई-जून से होने की उम्मीद है।क्वांटास के जिन पदों पर असर पड़ेगा, उनमें से ज्यादातर का काम भारत में एक्सेंचर की टीमों को सौंपा जा सकता है। हालांकि, कुछ काम ऑस्ट्रेलिया में भी जारी रहेंगे। कंपनी ने कहा है कि बदलाव लागू करने से पहले कर्मचारियों और यूनियनों के साथ बातचीत की जाएगी।क्वांटास की CEO वैनेसा हडसन ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में कहा कि कुछ लोगों के लिए ये मुश्किल खबर है और इससे पैदा हुई अनिश्चितता के लिए उन्हें खेद है। प्रभावित कर्मचारियों को कंपनी में दूसरे पदों पर काम देने की कोशिश भी की जाएगी।
Also read: हिंसा की आग में फिर झुलसा बांग्लादेश, कई जगह आगजनी और हम धमाका, बस ड्राइवर को जिंदा जलाया
हर साल टेक्नोलॉजी पर 1 बिलियन ऑस्ट्रेलियन डॉलर खर्च
क्वांटास के मुताबिक, कंपनी हर साल टेक्नोलॉजी पर 1 बिलियन ऑस्ट्रेलियन डॉलर से ज्यादा खर्च करती है। इसके बावजूद एयरलाइन अब भी दशकों पुराने 1,000 से अधिक एप्लिकेशन पर निर्भर है।हडसन ने कर्मचारियों को बताया कि ये सिस्टम एक-दूसरे के साथ काम करने के लिए नहीं बनाए गए थे। अब इनका रखरखाव करना भी काफी जटिल हो गया है। इसी वजह से कंपनी अपने पुराने बैक-एंड सिस्टम, बिजनेस प्रोसेस और डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाना चाहती है।
AI और ऑटोमेशन से घटेंगे दोहराए जाने वाले काम
क्वांटास ने बताया कि एक्सेंचर को सौंपे जाने वाले कामों में धीरे-धीरे ऑटोमेशन और AI का इस्तेमाल बढ़ाया जाएगा। इसका मकसद एक जैसे कामों को बार-बार करने की जरूरत कम करना और कॉर्पोरेट कामकाज को ज्यादा प्रभावी बनाना है।
बोइंग भी करेगा कर्मचारियों की छंटनी
एविएशन सेक्टर में ये बदलाव ऐसे समय हो रहे हैं, जब दूसरी बड़ी कंपनियां भी अपने कामकाज की समीक्षा कर रही हैं। विमान निर्माता कंपनी बोइंग ने सोमवार को कहा कि वह कमर्शियल विमानों का उत्पादन बढ़ाने की योजना की रफ्तार धीमी करेगी और अपने कर्मचारियों की संख्या में करीब 5% कटौती करेगी।