BRICS Summit 2026: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित BRICS बिजनेस समिट 2026 में G7 देशों पर निशाना साधा। पुतिन ने G7 और BRICS की आर्थिक ताकत की तुलना करते हुए कहा कि दुनिया की अर्थव्यवस्था में BRICS देशों की हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही है, जबकि G7 का हिस्सा कम हो रहा है। पुतिन के मुताबिक, G7 देशों की वैश्विक अर्थव्यवस्था में हिस्सेदारी करीब 18 फीसदी रह गई है, जबकि BRICS देशों की हिस्सेदारी करीब 40 फीसदी है। उन्होंने G7 की मौजूदा स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता कि इस समूह को G7 क्यों कहा जाता है।
पुतिन ने BRICS को बताया मजबूत
रूसी राष्ट्रपति ने BRICS को दुनिया का सबसे बड़ा आर्थिक समूह बताया। उन्होंने कहा कि बदलती वैश्विक व्यवस्था के बीच BRICS के सदस्य देश आर्थिक रूप से मजबूत हो रहे हैं और उनका प्रभाव भी बढ़ रहा है। पुतिन ने भारत की बढ़ती आर्थिक भूमिका का भी जिक्र किया और कहा कि दुनिया बड़े आर्थिक बदलाव के दौर से गुजर रही है। पुतिन ने कहा कि BRICS केवल अपने मौजूदा सदस्यों तक सीमित नहीं है और समूह के बाहर के देशों के साथ भी सहयोग के लिए तैयार है। उन्होंने सदस्य देशों के बीच आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया।
पश्चिमी देशों पर लगाया आरोप
रूसी राष्ट्रपति ने पश्चिमी देशों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिमी देश प्रतिबंधों के जरिए रूस को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, पुतिन ने दावा किया कि इन प्रतिबंधों के बावजूद रूस ने अपनी आर्थिक स्थिति को बनाए रखा है। गौरतलब है कि रूस पहले G8 का हिस्सा था। साल 2014 में रूस के क्रीमिया पर कब्जे के बाद उसे इस समूह से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद यह समूह फिर से G7 बन गया। BRICS समिट में पुतिन ने बदलती वैश्विक आर्थिक व्यवस्था के बीच सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि BRICS की बढ़ती आर्थिक ताकत दुनिया में हो रहे बदलाव को दिखाती है।
Also read: BRICS Summit: ब्रिक्स समिट के दौरान पीएम मोदी किस नेता से कब मिलेंगे, ये रहा पूरा कार्यक्रम