Punjab News: पंजाबी सिंगर कमल ग्रेवाल को कथित तौर पर रोहित गोदारा गैंग से जुड़े एक व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी दी है। आरोप है कि कॉल करने वाले ने सिंगर से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और पैसे नहीं देने पर उनके स्टेज शो बंद करवाने के साथ म्यूजिकल करियर बर्बाद करने की चेतावनी दी। कमल ग्रेवाल की शिकायत पर लुधियाना पुलिस ने 2 नवंबर को गिल्ली राणा और गैंग से कथित तौर पर जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शिकायत के मुताबिक, कमल ग्रेवाल की सराभा नगर में जेपी फिल्म्स नाम से एक म्यूजिक कंपनी है। 20 अक्टूबर को कंपनी के आधिकारिक मोबाइल नंबर पर कई मिस्ड कॉल और वॉइस मैसेज आए थे। उस समय सिंगर पटियाला में दशहरा समारोह में परफॉर्म कर रहे थे, इसलिए वह इन मैसेज को चेक नहीं कर पाए। अगले दिन जब उन्होंने वॉइस मैसेज सुने, तो एक व्यक्ति ने खुद को गिल्ली राणा बताते हुए रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा होने का दावा किया। आरोप है कि कॉल करने वाले ने 5 करोड़ रुपये की मांग की और तुरंत कॉल बैक करने को कहा।
पैसे नहीं देने पर करियर बर्बाद करने की धमकी
शिकायत में बताया गया है कि कॉल करने वाले ने कथित तौर पर धमकी दी कि अगर रंगदारी की रकम नहीं दी गई, तो कमल ग्रेवाल के स्टेज शो बंद करवा दिए जाएंगे और उनका सिंगिंग करियर बर्बाद कर दिया जाएगा। उन्हें चेतावनी दी गई कि वह न तो स्टेज परफॉर्मेंस आयोजित कर पाएंगे और न ही अपनी म्यूजिकल गतिविधियां जारी रख सकेंगे। इसके बाद उसी मोबाइल नंबर से दो और धमकी भरे वॉइस मैसेज मिले। सिंगर ने इस संबंध में पुलिस में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।
इंटरनेशनल नंबर से भी आईं कॉल
कमल ग्रेवाल ने अपनी शिकायत में बताया कि 1 नवंबर को जब वह सराभा नगर स्थित अपने ऑफिस में थे, तब उन्हें एक इंटरनेशनल नंबर से दो और कॉल आए। अगले दिन दोपहर में मिस्ड कॉल देखने के बाद उन्होंने परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों से इस बारे में चर्चा की और फिर पुलिस से संपर्क किया।