Punjab News: पंजाब के बठिंडा में शराब की दुकान पर काम करने वाले एक कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बठिंडा के पास बीबीवाला गांव की बताई जा रही है। मृतक की पहचान सोदान सिंह के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के एटा जिले का रहने वाला था और लंबे समय से शराब की दुकान पर काम कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, वारदात दोपहर करीब 3 बजे हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कर्मचारी को दो से तीन गोलियां लगी थीं। हालांकि, उसे कितनी गोलियां लगीं और चोटों की पूरी स्थिति की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
लूटपाट के एंगल से भी जांच
बठिंडा के SSP सोहेल मीर ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला लूटपाट से जुड़ा हुआ नजर आ रहा है। हालांकि, पुलिस किसी एक एंगल तक सीमित नहीं है और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए कई पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। वारदात के पीछे कौन लोग शामिल हैं और हत्या की वास्तविक वजह क्या थी, इसका पता जांच आगे बढ़ने के बाद ही चल पाएगा।
दो दिनों में हत्या की दूसरी वारदात
बठिंडा में पिछले दो दिनों के दौरान हत्या की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। लगातार सामने आ रही इन वारदातों के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।