Portable AC: गर्मियों की शुरुआत के साथ ही पोर्टेबल एयर कंडीशनर को लेकर लोगों में चर्चा तेज हो गई है। कई लोग जानना चाहते हैं कि क्या पोर्टेबल AC खरीदना सही रहेगा या नहीं। पिछले कुछ दिनों में इसको लेकर काफी सवाल सामने आए हैं। पोर्टेबल AC का कॉन्सेप्ट देखने में आसान और सुविधाजनक लगता है, लेकिन असल इस्तेमाल में यह हर जगह उतना प्रभावी नहीं होता जितना लोग सोचते हैं। खासकर बड़े या फैमिली वाले घरों में इसकी कूलिंग क्षमता कई बार कमजोर साबित होती है।
कैसा होता है पोर्टेबल AC?
यह एसी एक तय जगह को ठंडा करने के लिए बनाया गया है। इसे दीवार या खिड़की पर फिक्स नहीं करना पड़ता, बल्कि यह एक जगह से दूसरी जगह आसानी से शिफ्ट किया जा सकता है। रिलायंस डिजिटल की जानकारी के अनुसार, यह गर्म हवा को खींचकर उसे ठंडा करता है और फिर कमरे में वापस भेजता है।
बिजली की खपत को करता है कम
इसके कई फायदे हैं। इसे लगाने में ज्यादा मेहनत या तोड़फोड़ नहीं करनी पड़ती। किराए के घरों में रहने वालों के लिए यह एक अच्छा विकल्प हो सकता है। छोटे कमरों, स्टडी रूम या छोटे ऑफिस के लिए भी यह उपयोगी माना जाता है। इसे एक कमरे से दूसरे कमरे में आसानी से ले जाया जा सकता है और यह कम बिजली खपत के कारण भी लोकप्रिय है।
पोर्टेबल AC के नुकसान
हालांकि इसके कुछ नुकसान भी हैं। इसकी कूलिंग क्षमता स्प्लिट या विंडो AC जितनी मजबूत नहीं होती। कमरे के हर कोने तक ठंडी हवा नहीं पहुंच पाती, जिससे कुछ हिस्से गर्म रह सकते हैं। लंबे समय तक इस्तेमाल करने पर बिजली की खपत बढ़ सकती है और कुछ मॉडल में हल्का शोर भी आता है। पानी की निकासी पर भी ध्यान देना पड़ता है।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
विशेषज्ञों का मानना है कि पोर्टेबल AC छोटे कमरे और सीमित उपयोग के लिए ठीक है, लेकिन बड़े घरों या फैमिली सेटअप के लिए यह सही विकल्प नहीं है। इसकी लाइफ भी सामान्य AC की तुलना में कम मानी जाती है। कुल मिलाकर, पोर्टेबल AC उन लोगों के लिए बेहतर है जिनके पास स्थायी AC लगाने का विकल्प नहीं है, लेकिन जो ज्यादा और पूरे घर की कूलिंग चाहते हैं, उनके लिए स्प्लिट या विंडो AC ज्यादा बेहतर विकल्प साबित होते हैं।
Also read: इस राज्य में है एशिया का सबसे सुंदर गांव, जहां सफाई है लोगों के जीवन का बड़ा हिस्सा