Haryana news: हरियाणा में निकाय चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। सभी पार्टियों ने अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है। साथ ही नामांकन का सिलसिला भी तेज हो गया है। इसी बीच सोनीपत में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। मेयर पद के लिए घोषित प्रत्याशी कमल दीवान ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। बताया जा रहा है कि प्रत्याशी ने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया है, जिससे पार्टी में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, प्रत्याशी और पूर्व विधायक के बीच चल रहे टकराव को इस फैसले की मुख्य वजह माना जा रहा है। वहीं, खास बात यह है कि एक दिन पहले ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उनका नामांकन कराकर उन्हें आधिकारिक रूप से मैदान में उतारा था। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कांग्रेस खेमे में असमंजस की स्थिति बन गई है। पार्टी स्तर पर मामले को सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन प्रत्याशी के रुख को देखते हुए स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। फिलहाल, इस पूरे मामले पर पार्टी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
Also read: HARYANA NEWS: मोहन लाल बड़ौली का बड़ा ऐलान, नगर निगम, पालिका और परिषद के प्रत्याशियों की सूची जारी
आपको बता दें कि बीते बुधवार को सोनीपत से कांग्रेस के उम्मीदवार कमल दीवान ने अपना नामांकन दाखिल किया था। इस दौरान दीपेंद्र हुड्डा, सोनीपत से सांसद सतपाल ब्रह्मचारी के साथ कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। नामाकंन के दौरान दीपेंद्र हुड्डा ने सैनी सरकार पर निशाना भी साधा था।