Bihar News: बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने अपनी 5 देशों की हालिया विदेश यात्रा के अनुभव साझा करते हुए वहां में उन्नत शहरी नियोजन, स्वच्छता, हरियाली तथा नागरिक बोध आदि की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने इसी तर्ज पर बिहार की राजधानी पटना तथा सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्त्व के शहर गया जी और बोधगया को स्वच्छ, हरित एवं सुव्यवस्थित शहरों के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री को विशेष रूप से पटना शहर के इर्द–गिर्द एवं गया जी हवाई अड्डे से विष्णुपद मंदिर एवं बोधगया तक के मार्ग पर व्यापक लैंडस्केपिंग, हरित पट्टी के विकास तथा मार्ग के सौंदर्यीकरण का सुझाव दिया। इससे पटना, गया जी और बोधगया आने वाले लोगों, देशी-विदेशी पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलेगा तथा क्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को और सुदृढ़ किया जा सकेगा।
देशी-विदेशी पर्यटकों को भी बेहतर से बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध
विधानसभा अध्यक्ष ने हाल ही में संपन्न पितृपक्ष मेले के दौरान तर्पण एवं पिंडदान के निमित्त देश के विभिन्न हिस्सों एवं विदेशों से 53 लाख श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के गया जी आगमन को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने इस भव्य और चाक-चौबंद व्यवस्था के लिए बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन की भूरि-भूरि सराहना की। उन्होंने रेखांकित किया कि गया जी में म्यांमार, वियतनाम, श्रीलंका और जापान सहित विभिन्न बौद्ध अनुयायी देशों से आने वाले पर्यटकों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बोधगया में वर्तमान में आ रहे देशी-विदेशी पर्यटकों को भी बेहतर से बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
Also read: Bihar News: ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च में शामिल हुए CM सम्राट चौधरी, कांग्रेस पर साधा निशाना
सोन नदी के जल को फल्गु नदी तक पहुँचाने की योजना को कैबिनेट से स्वीकृत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर काशी विश्वनाथ कॉरिडोर तथा महाकाल कॉरिडोर की तर्ज पर गया जी में विष्णुपद कॉरिडोर तथा बोधगया कॉरिडोर निर्माण की योजना को मंत्रिपरिषद् से स्वीकृत करने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने गया जी में गंगा जल पहुँचाने की महत्त्वपूर्ण पहल तथा इसी तर्ज पर सोन नदी के जल को फल्गु नदी तक पहुँचाने की योजना को कैबिनेट से स्वीकृति देने पर मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार के सुझावों पर सकारात्मक विचार करने तथा पटना, गया जी एवं बोधगया बनेंगे विश्वस्तरीय शहर बनाने की दिशा में आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।