Imran Masood Statement: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच चल रही सीट शेयरिंग की बातचीत के बीच सपा ने चुनावों के लिए अपनी पहली लिस्ट में पांच उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने बेहट के लिए उमर अली खान, सहारनपुर के लिए आशु मलिक, कैराना के लिए नाहिद हसन, अमरोहा के लिए महबूब अली और ललितपुर के लिए ज्योति लोधी का नाम तय किया गया है। लेकिन इस ऐलान के बाद साफतौर पर कांग्रेस के अंदर नाराजगी खुलकर सामने आ गई है। दरअसल, सहारनपुर से कांग्रेस सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने सपा पर निशाना साधा है। उन्होंने सपा पर आरोप लगाया है कि जब बातचीत चल रही है, तो एकतरफा उम्मीदवार घोषित करना गठबंधन धर्म के खिलाफ है।
इमरान मसूद ने जताई नाराजगी
इमरान मसूद ने सपा की ओर से जारी उम्मीदवारों की लिस्ट पर सवाल उठाए है। मसूद ने कहा कि जब दोनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है, तो फिर एकतरफा उम्मीदवारों का ऐलान करने की क्या जरूरत थी? बता दें, सपा ने जिन 5 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है, उनमें से सबसे बड़ा विवाद सहारनपुर जिले की दो सीटों बेहट और सहारनपुर ग्रामीण को लेकर हो रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कांग्रेस गठबंधन के जरिए ये दो सीटें चाहती थी। इस बात पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने तीखे शब्दों में कहा 'गठबंधन के अंदर सहयोगी होता है, भिखारी नहीं। हम सहयोगी बन सकते हैं, भिखारी नहीं।'
मसूद का कहना है कि अगर दोनों दल साथ मिलकर चुनाव लड़ने पर विचार-विमर्श कर रहे हैं तो इस मुद्दे से संबंधित फैसले भी आपसी सहमति से होने चाहिए। उन्होंने सपा और अखिलेश यादव पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर गठबंधन करना है तो सभी को उससे जुड़े तौर-तरीके को समझने की जरूत है। उन्होंने सीधे शब्दों में कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच एक तरफ सीट बंटवारे को लेकर बैठकें हो रही हैं। तो वहीं, दूसरी तरफ सपा उम्मीदवारों की सूची जारी कर रही है, जिस वजह से बातचीत की गंभीरता पर सवाल उठाए जा सकते हैं।
Also read: Punjab Politics: BJP-SAD गठबंधन पर PM मोदी का बयान, अटल-आडवाणी और प्रकाश सिंह बादल को किया याद
लड़ाई BJP से है या कांग्रेस से?
इमरान मसूद ने सपा के रुख पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें गठबंधन निभाने के लिए गंभीरता से काम लेना होगा। अगर नहीं तो ये गठबंधन नहीं है। जिसका सीधा मतलब BJP से नहीं, बल्कि कांग्रेस से लड़ाई को दिखाता है। मसूद ने कहा कि हमारा निशाना बीजेपी पर होना चाहिए, न कि अपनो पर। उन्होंने सवाल किया कि आखिर लड़ाई बीजेपी से करनी है या कांग्रेस से? बता दें, यह टिप्पणी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच चल रही सीट-शेयरिंग बातचीत और बीते दिन सपा द्वारा 5 सीटों पर उम्मीदवारों के ऐलान के बीच आई है।
मालूम हो कि साल 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में हार के बाद समाजवादी पार्टी 2027 में राजनीतिक वापसी करना चाहती है। जिसके लिए कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीट-शेयरिंग पर बातचीत जारी है। 2022 के राज्य चुनावों में, जिसमें दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था, SP ने 347 सीटों में से 111 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस ने 399 सीटों में से दो सीटें जीतीं। इसके बाद दोनों पार्टियों ने 2024 के लोकसभा चुनाव INDIA ब्लॉक के तहत मिलकर लड़े, जिसमें SP ने 62 सीटों में से 37 सीटें जीतीं, और कांग्रेस ने राज्य में अपनी 17 सीटों में से छह सीटें जीतीं।