Parvinder Singh Jhota murder case: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज 20 अक्टूबर 2026 मंगलवार को घोषणा की कि परविंदर सिंह झोटा की हत्या का मामला केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि राज्य सरकार झोटा के पिता और परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है, जो नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं, और उन्हें समर्थन का आश्वासन दिया। CM भगवंत मान ने कहा 'हम परमिंदर सिंह झोटा के पिता और परिवार के साथ हर समय मजबूती से खड़े हैं, जो नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। परिवार की मांग को मानते हुए, हम यह मामला सीबीआई को सौंप रहे हैं।'
बता दें, मादक पदार्थों की तस्करी से निपटने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, मान ने कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा 'नशीली दवाओं के तस्करों के खिलाफ हमारी लड़ाई निर्णायक है। पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए जो भी सख्त कदम उठाने होंगे, हम पीछे नहीं हटेंगे।'
परमिंदर सिंह झोटा की हत्या
मालूम हो कि 13 अक्टूबर मंगलवार को मानसा जिले के नशा-विरोधी कार्यकर्ता परमिंदर सिंह झोटा को कथित तौर पर एक मेडिकल शॉप के मालिक ने गोली मार दी थी। उन्हें गोली लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बाद में उनकी मौत हो गई। जिसके बाद 15 अक्टूबर गुरुवार को कई किसान और मजदूर संगठनों ने राज्यव्यापी पंजाब बंद का आह्वान किया, जिसमें राज्य सरकार से हत्या के लिए जवाबदेही और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
पकड़ा गया आरोपी
बता दें, अधिकारियों ने बताया कि पंजाब पुलिस ने राजस्थान पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में बुधवार को राजस्थान के सालसर से कथित मुख्य शूटर को गिरफ्तार किया। सालसर स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) शंकर लाल भारी के अनुसार, आरोपी को सालसर बालाजी मंदिर के पास स्थित श्री गंगानगर धर्मशाला से गिरफ्तार किया गया, जहां वह कथित तौर पर भेष बदलकर छिपा हुआ था।
Also read: Punjab News: पंजाब की सड़क पर दिखा तेज रफ्तार का कहर, मनरेगा मजदूरों को रौंद गई कार; 8 की दर्दनाक मौत