Sonam Wangchuk: सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने सोमवार को सफदरजंग अस्पताल के अधिकारियों से अपनी स्थिर स्वास्थ्य स्थिति का हवाला देते हुए उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने की बात कही है। जानकारी के अनुसार, वांगचुक ने अस्पताल प्रशासन के नाम एक चिट्ठी लिखी है, जिसमें उन्होंने कहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके और अन्य कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में संसद तक होने वाले ‘संसद चलो’ मार्च में भाग लेना है। इसलिए उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाए।
मालूम हो कि NEET-UG परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में सोनम वांगचुक 28 जून से जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे। जिसके बाद 18 जुलाई को उन्हें जबरन प्रदर्शन स्थल से हटाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सोनम वांगचुक ने सफदरजंग अस्पताल को लिखी चिट्ठी
सोनम वांगचुक ने अपने आधिकारिक फेसबुक हैंडल पर साझा किए गए एक नोट में लिखा कि वे ठीक महसूस कर रहे हैं और उन्होंने अस्पताल अधिकारियों से मार्च में शामिल होने के लिए उन्हें अस्थायी रूप से ही सही, अस्पताल से छुट्टी देने का अनुरोध किया। नोट में वांगचुक ने लिखा ‘मैं आज बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं और मेरे स्वास्थ्य के सभी मापदंड सामान्य हैं। इसलिए, मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि कृपया मुझे अस्थायी रूप से ही सही, अस्पताल से छुट्टी दें ताकि मैं आज सुबह संसद तक होने वाले मार्च 'संसद चलो' में शामिल हो सकूं। मैं आपका बहुत आभारी रहूंगा।‘
सोनम वांगचुक की 3 शर्तें
इस बीच, सोनम वांगचुक ने कहा कि अगर सरकार शिक्षा प्रणाली में हाल की विफलताओं, जिनमें पेपर लीक भी शामिल हैं, के लिए जवाबदेही स्वीकार करती है, या अगर सांसद उन्हें आश्वासन देते हैं कि सोमवार से शुरू होने वाले संसद के मानसून सत्र के दौरान शिक्षा जवाबदेही के मुद्दे पर चर्चा की जाएगी, तो वह अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर देंगे। X पर एक पोस्ट में, वांगचुक ने तीन शर्तें बताईं जिनके तहत वह अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर देंगे।
'सोनम वांगचुक का हेल्थ अपडेट
आज सुबह 10 बजे सफदरगंज अस्पताल ने 'सोनम वांगचुक का हेल्थ अपडेट जारी करते हुए कहा कि वांगचुक पूरी तरह से मेडिकल निगरानी में हैं। फिलहाल, उनके वाइटल पैरामीटर्स स्थिर हैं। ब्लड पैरामीटर्स पर भी घ्यान दिया जा रहा है। साथ ही, उन्हें सभी जरूरी चीजें मुहिया कराई जा रही है।
CJP के मुख्य प्रवक्ता ने क्या कहा?
दूसरी तरफ, सोमवार को संसद तक विरोध मार्च निकालने की कोशिश जारी रहने के बावजूद, CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास को उपायुक्त कार्यालय ले जाया गया, जहां उन्होंने बताया कि अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा ‘हम सरकार से बातचीत कर रहे हैं।‘
फिलहाल, पुलिस संसद भवन की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने में लगी हुई हैं। इस दौरान लाठीचार्ज की खबरें भी सामने आ रही है। तो वहीं, जंतर-मंतर से शुरू हुए इस प्रदर्शन के कारण राजधानी में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ, क्योंकि बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था।
Also read: ‘जहां तथ्य और तर्क होते हैं, वहां हंगामे की गुंजाइश…’, मानसून सत्र से पहले PM मोदी का बयान