Punjab Border: पंजाब के तरन तारन जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करके भारतीय क्षेत्र में घुसने की कोशिश कर रहे दो पाकिस्तानी घुसपैठी सीमा सुरक्षा बल (BSF) के निशाने पर आ गए है। BSF ने दोनों घुसपैठियों की कोशिशों को नाकाम करते हुए उन्हें मार गिराया। अधिकारियों के अनुसार, भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात BSF जवानों ने दोपहर के आसपास इलाके में संदिग्ध गतिविधि देखी। जवानों ने संदिग्ध घुसपैठियों को रोका और उन्हें बार-बार रुकने की चेतावनी दी।
Also read: Punjab News: बठिंडा में शराब की दुकान के कर्मचारी की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि घुसपैठियों ने कथित तौर पर चेतावनियों को नजरअंदाज किया और भारतीय सीमा की ओर बढ़ते रहे, जिसके बाद BSF कर्मियों ने खतरा महसूस करते हुए गोलीबारी शुरू कर दी। इस फायरिंग में दोनों घुसपैठिए मारे गए। हालांकि, मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। लेकिन पंजाब पुलिस और BSF के साथ मिलकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
तो वहीं, शवों को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान स्थापित करने और घुसपैठ के प्रयास से संबंधित परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। अधिकारियों ने आगे बताया कि इस घटना के संबंध में बीएसएफ और पाकिस्तान रेंजर्स के बीच जल्द ही एक बैठक होने की संभावना है।