CM Nayab Saini: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज 02 अक्टूबर 2026 शुक्रवार को गुरुग्राम की विकास परियोजनाओं की व्यापक समीक्षा बैठक के दौरान सख्त कार्रवाई करते हुए, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) की लगातार शिकायतों के बाद हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) के दो क्षेत्रीय अधिकारियों को निलंबित कर दिया।
निलंबित अधिकारियों में आकांक्षा, क्षेत्रीय अधिकारी (गुरुग्राम उत्तर), और मुकुल कुमार, क्षेत्रीय अधिकारी (गुरुग्राम दक्षिण) का नाम शामिल हैं। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आदेशानुसार, निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, मुख्यालय, सेक्टर-6, पंचकुला में रहेगा। उन्हें नियमों के अनुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
Also read: Asian Games 2026 : हरियाणा के खिलाड़ियों का स्वर्णिम जलवा, थोड़े ही अंतराल में तीन खिलाड़ियों ने देश की झोली में डाले तीन स्वर्ण पदक
विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में क्या बोले CM सैनी
शासन में जवाबदेही पर जोर देते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा 'बैठक में विकास कार्यों, नागरिकों के लिए सुविधाओं और जन शिकायतों पर विस्तृत चर्चा हुई। मेरा हमेशा से यह मानना रहा है कि सरकार को केवल फाइलों और बैठकों तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए।' जमीनी हकीकतों से सीधे जुड़ाव पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने कहा ‘राज्य के नागरिकों की समस्याओं को समझने के लिए मेरे पास एक समानांतर प्रणाली भी है...मैं जमीनी स्तर से लोगों की समस्याओं और हमारी प्रशासनिक व्यवस्था में किसी भी कमी के बारे में लगातार जानकारी जुटाता रहता हूं।’
हरियाणा मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा 'आज गुरुग्राम की विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री श्री @NayabSainiBJP ने जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए। आरडब्ल्यूए द्वारा लगातार प्राप्त शिकायतों के मद्देनजर, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी, गुरुग्राम उत्तर और क्षेत्रीय अधिकारी, गुरुग्राम दक्षिण को निलंबित कर दिया गया है। जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।'
'स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत' का संकल्प दोहराया
इस बीच, आज गांधी जयंती के अवसर पर सैनी ने 'स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत' के संकल्प को दोहराया। उन्होंने X पर कहा 'हमने जिले में 'जीवीपी मुक्त अभियान' शुरू करने का फैसला किया है। इसके तहत कूड़े के ढेरों को खत्म करने का लक्ष्य रखा गया है। मैं सभी से इस अभियान में सहयोग करने और यह प्रतिज्ञा लेने की अपील करता हूं कि न तो हम कूड़ा फैलाएंगे और न ही दूसरों को ऐसा करने देंगे। कूड़े को निर्धारित स्थान तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। आइए हम सब मिलकर अपने घरों, मोहल्लों, गांवों, गलियों और शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाएं।'