
Delhi News: आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को पार्टी की ओर से राज्यसभा में डिप्टी लीडर के पद से हटाए जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। कई अटकलें लगाई जा रही हैं कि क्या चड्ढा अब भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इस बीच AAP की वरिष्ठ नेता और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने राघव चड्ढा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वे भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से डरते हैं तथा सरकार के खिलाफ सवाल उठाने से बचते हैं। आतिशी के इन बयानों ने सियासी हलचल को और बढ़ा दिया है।
राघव चड्ढा का बयान
बता दें, राघव चड्ढा को हाल ही में राज्यसभा में AAP का डिप्टी लीडर पद हटाकर उनकी जगह सांसद अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। इस फैसले के बाद चड्ढा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें उन्होंने संसद में उठाए गए मुद्दों को हाइलाइट किया और एक इमोजी के साथ संकेत दिया कि उनकी खामोशी को हार न समझा जाए। इस घटनाक्रम के बाद पार्टी के अंदरूनी कलह की चर्चाएं जोर पकड़ गईं।
आतिशी ने राघव चड्ढा पर उठाए सवाल
आतिशी ने राघव चड्ढा पर सवाल उठाते हुए कहा 'राघव चड्ढा जी, आप भाजपा से इतना डरते क्यों हैं? मोदी जी से सवाल पूछने में आपको डर क्यों लगता है?' उन्होंने आरोप लगाया कि चड्ढा अब सरकार की आलोचना करने से कतराते हैं और पार्टी की लाइन से अलग होकर व्यवहार कर रहे हैं। आतिशी ने इसे डर और लालच से जोड़ते हुए कहा कि कुछ नेता दबाव या प्रलोभन में आ सकते हैं, लेकिन AAP मजबूती से लड़ाई जारी रखेगी।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राघव चड्ढा पर भाजपा से समझौता करने के आरोप लगे हैं। हालांकि, राघव चड्ढा की ओर से अभी तक इस पर कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है। उन्होंने केवल संसद में उठाए गए जनहित के मुद्दों (जैसे सरकारी अस्पतालों की स्थिति, फूड एडल्टरेशन आदि) का वीडियो शेयर कर अपनी सक्रियता दिखाई है।
Leave a comment