Lajpat Nagar Fire: दिल्ली के लाजपत नगर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एक चार मंज़िला बिल्डिंग में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा बुरी तरह झुलस गया। घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि लाजपत नगर पुलिस स्टेशन को दोपहर करीब 1:17 बजे बिल्डिंग नंबर G-5 में आग लगने की खबर पर एक PCR कॉल मिली, जिसमें बताया गया कि आग लगने की वजह से बिल्डिंग के अंदर कुछ लोग फंसे हुए हैं।
मौके पर पुलिस की टीम और फायर टेंडर भी पहुंचे और पूरे इलाके को सील कर राहत-बचाव कार्य शुरु किया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, गौरव नाम के एक कर्मचारी को बेसमेंट से बचाया गया और इलाज के लिए उसे सफदरजंग हॉस्पिटल मे भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि एक और कर्मचारी, प्रेम सिंह शर्मा झुलस गया। फिलहाल, वह उसी हॉस्पिटल के ICU में भर्ती है।
Also read: Kal Ka Mausam 20 November: चक्रवात 'अकवन जमकर बरसा रहा आफत...110 kmph की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, इन 12 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच से पता चलता है कि घटना के समय बेसमेंट में वेल्डिंग का काम चल रहा था, शायद फायर सेफ्टी इक्विपमेंट लगाने के सिलसिले में। खबर है कि मिलाना क्राफ्ट वर्क्स के कर्मचारी गौरव और प्रेम सिंह शर्मा की मौजूदगी में दो वर्कर काम कर रहे थे। पुलिस ने कहा कि फायर सेफ्टी इक्विपमेंट लगाने के लिए वर्कर सप्लाई करने वाले कॉन्ट्रैक्टर को आगे की जांच के लिए बुलाया गया है। आग बुझा दी गई है, लेकिन घटना का सही कारण अभी पता नहीं चला है। DCP साउथ ईस्ट विनीत कुमार ने कहा कि FIR दर्ज की जा रही है, और घटना के कारणों का पता लगाने और बिल्डिंग के मालिक, कॉन्ट्रैक्टर और संबंधित वर्करों की भूमिका को वेरिफाई करने के लिए आगे की जांच चल रही है।