Saif Ali Khan Threat: बॉलीवुड सितारों को धमकी मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब इस लिस्ट में अभिनेता सैफ अली खान का नाम भी जुड़ गया है। उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है, जिसके बाद से फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो ये धमकी बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांछित आरोपी जीशान अख्तर की तरफ से दी गई है। हालांकि मुंबई पुलिस अभी इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस ये पता लगाने में जुटी है कि धमकी सच में अख्तर ने दी है या फिर कोई और शख्स उसके नाम का गलत इस्तेमाल कर रहा है।
किसी शख्स ने 5 करोड़ रुपये की फिरौती की धमकी दी
सैफ अली खान को धमकी मिलने का मामला ऐसे वक्त पर सामने आया है, जब कुछ दिन पहले ही अभिनेता आयुष्मान खुराना को भी धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था। उस मैसेज में भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया था और करोड़ों रुपयों की मांग की थी। वहीं, तुषार कपूर को भी इसी गैंग का सदस्य बनकर किसी शख्स ने 5 करोड़ रुपये की फिरौती की धमकी दी थी। हालांकि, मुंबई पुलिस को शक है कि कॉल करने वाला शख्स 'हैरी बॉक्सर' बनने का नाटक कर रहा था।
Also read: रानी-मोनालिसा का डांस मुकाबला, अब तक भोजपुरी में कर रहा हैं कमाल, यूट्यूब पर मिले इतने व्यूज
AI की मदद से तैयार की नकली आवाज
इन धमकियों के मामले में जांच करते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। क्राइम ब्रांच ने बेंगलुरु से 30 साल के एक IIT ग्रेजुएट को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसी ने फिल्मी सितारों को धमकी भरे मैसेज भेजकर उनसे पैसों की मांग की थी।गिरफ्तार आरोपी का नाम वैभव मिश्रा बताया जा रहा है, जिसे आगे की पूछताछ के लिए मुंबई लाया गया है। मुंबई पुलिस ने साफ तौर पर कहा है कि मिश्रा का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई कनेक्शन नहीं है। पुलिस को शक है कि आरोपी ने AI टूल की मदद से नकली आवाज तैयार की और उसी से सितारों को धमकाया।जांच में ये भी सामने आया है कि आरोपी ने इंटरनेट पर सर्च करके एक्टर्स के फोन नंबर हासिल किए थे और फिर उन्हें धमकी भरे मैसेज भेजकर फिरौती मांग रहा था।