BRICS Summit 2026: राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आज 11 सितंबर से 18वें ब्रिक्स समिट का आयोजन हो रहा है। जो 13 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राजधानी को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। हजारों की संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। जानकारी के अनुसार, लुटियंस दिल्ली और VVIP इलाकों में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बताया जा रहा है कि इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, लगभग 15,000 दिल्ली पुलिस कर्मियों और अर्धसैनिक बलों की लगभग 200 कंपनियों को सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। इसके अलावा चप्पे-चप्पे पर कैमरे भी लगाए गए हैं।
दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
मालूम हो कि यह 2026 में ब्रिक्स की भारत की चौथी अध्यक्षता है। इस बार इस समिट का विषय 'लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण' है। यह विषय मौजूदा उपलब्धियों और संस्थागत प्रभावशीलता को मजबूत करने पर भारत के फोकस को दर्शाता है। दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में ब्रिक्स सदस्य और सहयोगी देशों के नेताओं और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ-साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख भी शामिल होंगे।
Also read: Maharashtra News: महाराष्ट्र के भंडारा में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-पिकअप की टक्कर में 8 की मौत
इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत दिल्ली पुलिस ने 15,000 से अधिक कर्मियों को तैनात किया है। इसके अलावा गृह मंत्रालय ने कानून व्यवस्था और अन्य परिचालन कार्यों के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की लगभग 200 कंपनियां उपलब्ध कराई हैं। मार्ग सुरक्षा और यातायात नियंत्रण के लिए विशेष निगरानी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा, विशेष पुलिस आयुक्त (सुरक्षा) मनीष अग्रवाल ने बताया कि शिखर सम्मेलन में लगभग 16 राष्ट्राध्यक्षों के शामिल होने की उम्मीद है, जिनमें कई ऐसे नेता शामिल हैं जिन्हें उच्च स्तरीय सुरक्षा की आवश्यकता है।
बता दें, नई दिल्ली के विभिन्न सेक्टर जोन में पुलिस तैनात की गई है। अभ्यास किए गए हैं। CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है। इस दौरान एजेंसियों के साथ बैठकें भी की गई। दिल्ली पुलिस ने आश्वासन दिलाया है कि उन्होंने कई तरह के तकनीकी उपकरण स्थापित किए गए हैं, जिससे किसी भी खतरे का पता लगाया जा सके, ताकि सम्मेलन में शामिल होने आए मेहमानों से लेकर आम जनता तक किसी को भी कोई दिक्कत न हो।
दिल्ली में हो रहा 18वां ब्रिक्स समिट का आयोजन
शिखर सम्मेलन में आसियान, अफ्रीकी संघ, खाड़ी सहयोग परिषद, सीईएलएसी और यूरेशियन आर्थिक संघ सहित प्रमुख क्षेत्रीय संगठनों के वर्तमान अध्यक्ष भाग लेंगे। इन चर्चाओं में रणनीतिक व्यापार लचीलापन, सीमा पार भुगतान तंत्र, ऊर्जा सुरक्षा और पूर्वी यूरोप और पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनावों के संबंध में संघर्ष-समाधान के तरीकों पर ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, विश्व व्यापार संगठन की महानिदेशक न्गोजी ओकोंजो-इवेला, विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस, न्यू डेवलपमेंट बैंक की अध्यक्ष डिल्मा रूसेफ़ और अन्य अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के प्रमुखों के भी इसमें शामिल होने की उम्मीद है।