Guwahati Genz Movement: गुवाहाटी (असम): असम में NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच एक नया मामला सामने आया है। असम के राजस्व मंत्री केशव महंत की बेटी दिबिसा महंत गुरुवार को गुवाहाटी के चचल इलाके में छात्रों के प्रदर्शन में शामिल हुईं। प्रदर्शन के दौरान उनके वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। छात्र NEET-UG परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के आरोपों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। दिबिसा महंत भी छात्रों के साथ प्रदर्शन में शामिल हुईं और उन्होंने हाथों में पोस्टर लेकर नारे लगाए। वायरल वीडियो में वह शिक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लगाए जा रहे नारों में छात्रों के साथ दिखाई दे रही हैं।
पिता असम सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों में शामिल
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने केंद्र सरकार से NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। छात्रों का कहना है कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाने चाहिए। दिबिसा महंत की मौजूदगी ने इसलिए भी ध्यान खींचा क्योंकि उनके पिता केशव महंत असम सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों में शामिल हैं। वह असम गण परिषद (AGP) के प्रमुख नेताओं में से एक हैं। AGP इस समय भाजपा के नेतृत्व वाली असम सरकार का हिस्सा है। केशव महंत साल 2016 से राज्य सरकार में मंत्री हैं।
छात्रों को अपनी बात रखने का अधिकार- हिमंत बिस्वा
मामले पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि सरकार छात्रों के विरोध प्रदर्शन और उनकी मांगों का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि छात्रों को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मामले को गंभीरता से देख रहे हैं। सीएम सरमा ने साथ ही राज्य में आई भीषण बाढ़ का जिक्र करते हुए लोगों से प्राकृतिक आपदा पर भी ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि असम इस समय बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित है और सभी को इस संकट से निपटने में सहयोग करना चाहिए।
देशभर में छात्रों का विरोध प्रदर्शन
NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्रों और विपक्षी दलों की ओर से विरोध प्रदर्शन जारी हैं। गुवाहाटी में हुआ यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। छात्रों ने परीक्षा में पारदर्शिता और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग को दोहराया।
Also read: TET पेपर लीक मामले में बड़ी सफलता, तीन हफ्ते बाद मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता बिहार से गिरफ्तार