Lionel Messi: अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने बुधवार को अपने पिता जॉर्ज मेस्सी के निधन के बाद अपना पहला गोल दागा। गोल करने के बाद मेसी ने आसमान की ओर उंगली उठाकर पिता को श्रद्धांजलि दी। बता दें कि मेस्सी का यह गोल पेनसिल्वेनिया के चेस्टर स्थित सुबारू पार्क में खेले गए मेजर लीग सॉकर (एमएलएस) मैच में इंटर मियामी और फिलाडेल्फिया यूनियन के बीच 2-2 से ड्रॉ रहे मैच में आया।
मेसी का गोल 26वें मिनट में हुआ। मेस्सी ने अपने डिफेंडर को चकमा देते हुए बाएं पैर से शानदार शॉट लगाकर मियामी को पहले हाफ में 2-1 से आगे कर दिया। गोल के बाद उनके साथी खिलाड़ी जश्न मनाने के लिए तुरंत उनके चारों ओर जमा हो गए। हालांकि, यूनियन के नील पियरे ने 58वें मिनट में गोल दागकर स्कोर बराबर कर दिया। गौरतलब है कि इस ड्रॉ के साथ मौजूदा एमएलएस कप चैंपियन मियामी की लगातार तीन मैचों की हार का सिलसिला खत्म हो गया।
आपको बता दें कि 68 वर्षीय जॉर्ज मेसी का शनिवार को रोसारियो के एक क्लिनिक में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया, जिससे अर्जेंटीना के इस दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी को गहरा व्यक्तिगत नुकसान हुआ है। जॉर्ज के निधन के बाद सोशल मीडिया पर एक भावपूर्ण संदेश में मेस्सी ने अपने पिता के अटूट समर्थन, विश्व कप के उनके साझा सपनों और उन्हें खोने के दर्द को याद किया और स्वीकार किया कि उनके बिना जीवन की कल्पना करना उनके लिए मुश्किल है।
उन्हें 2026 विश्व कप में खेलने के लिए प्रोत्साहित किया था
इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में मेस्सी ने अपने दिवंगत पिता के साथ एक तस्वीर अपलोड की और उनके लिए एक भावपूर्ण संदेश लिखा। मेस्सी ने अपने पिता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अभी भी इस क्षति को स्वीकार करने में कठिनाई हो रही है और उन्हें लगता है कि जॉर्ज बहुत जल्दी चले गए। उन्होंने याद किया कि कैसे उनके पिता ने बिगड़ते स्वास्थ्य के बावजूद उन्हें 2026 विश्व कप में खेलने के लिए प्रोत्साहित किया था, जबकि मेस्सी को उम्मीद थी कि जॉर्ज टूर्नामेंट के फाइनल में शामिल होने के लिए पर्याप्त रूप से स्वस्थ हो जाएंगे।
मैं इसे महसूस करना ही नहीं चाहता- मेसी
मेसी ने कहा कि पिताजी, मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा कि आप चले गए हैं। यह बात मेरे दिमाग में बैठ ही नहीं रही या यूं कहूं कि मैं इसे महसूस करना ही नहीं चाहता। यह सोचना बहुत मुश्किल है कि मैं आपको फिर कभी नहीं देख पाऊंगा, कि हम अब कभी बात नहीं कर पाएंगे। मुझे पता है कि आप तकलीफ में थे और यही सबसे अच्छा है, लेकिन आप बहुत जल्दी चले गए। हमारे पास साथ में बिताने के लिए अभी बहुत कुछ बाकी था। आप मुझसे उस आखिरी विश्व कप में खेलने के लिए बार-बार कहते रहे, लेकिन शुरू होने से कुछ ही दिन पहले आपकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। यह पहली बार था जब आप किसी टूर्नामेंट में नहीं होंगे, लेकिन मां मुझे बताती रहीं कि आप ठीक हो जाएंगे और यात्रा करने लायक स्वस्थ हो जाएंगे। मैं आपसे कहता रहा कि हम फाइनल तक पहुंचेंगे ताकि आप आ सकें।