Vadodara Bus Accident: गुजरात के वडोदरा में एक दर्दनाक हादसे में 7 साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चा एक लग्जरी बस के ऑटोमैटिक दरवाजे में फंस गया, जिससे उसकी गर्दन दब गई। हादसा वडोदरा शहर के सूर्य नगर-तरसाली बाईपास से धन्यावी की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित एक रिपेयर वर्कशॉप के पास हुआ। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक बच्चे की पहचान दिव्येश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दिव्येश घर से यह कहकर निकला था कि वह प्रसाद लेने जा रहा है। इसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में हादसे का शिकार हो गया। बच्चे के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है और वह मजदूरी करके अपना जीवन चलाता है।
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। दिव्येश की हालत गंभीर थी, इसलिए उसे तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से वडोदरा के सयाजी अस्पताल यानी SSG अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने बच्चे की प्रारंभिक जांच की, लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने के बाद कपड़ाई पुलिस की टीम भी सयाजी अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई। इसके साथ ही पुलिस ने पूरे मामले की जांच भी शुरू कर दी है।
15 मिनट की CCTV फुटेज गायब
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग मिली। पुलिस ने हादसे से पहले और बाद की फुटेज हासिल कर ली है, लेकिन घटना के समय की करीब 15 मिनट की महत्वपूर्ण CCTV फुटेज गायब है। यही बात अब जांच का अहम हिस्सा बन गई है। प्रारंभिक तौर पर बताया जा रहा है कि हादसे के समय इलाके में बिजली चली गई थी, जिसके कारण CCTV रिकॉर्डिंग प्रभावित हुई। हालांकि, घटना के ठीक समय की फुटेज उपलब्ध नहीं होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर बच्चे की गर्दन बस के ऑटोमैटिक दरवाजे में किस तरह फंसी और उस वक्त वहां वास्तव में क्या हुआ था। कपड़ाई पुलिस CCTV सिस्टम के तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच में जुटी है, ताकि बच्चे की मौत की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
Also read: मां ने घोंटा अपनी ममता का गला... 2 साल के मासूम बेटे को दी खौफनाक मौत, फिर खुद भी फांसी पर झूल गई, पुलिस जांच जारी