दिल्ली में बड़ा आतंकी मॉड्यूल बेनकाब, लश्कर के शीर्ष नेताओं से जुड़े हैंडलर के संपर्क का खुलासा

दिल्ली में बड़ा आतंकी मॉड्यूल बेनकाब, लश्कर के शीर्ष नेताओं से जुड़े हैंडलर के संपर्क का खुलासा

Delhi Terror Module: दिल्ली में बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आठ संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर आईएसआई और बांग्लादेश स्थित कट्टरपंथी संगठनों के इशारे पर हमले की योजना बना रहे थे। जांच में सामने आया है कि इस मॉड्यूल का हैंडलर लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष नेतृत्व के सीधे संपर्क में था।

26/11 हमलों से जुड़ा नाम

सूत्रों के मुताबिक, मॉड्यूल का हैंडलर शब्बीर अहमद लोन है, जो कश्मीरी आतंकी बताया जा रहा है और फिलहाल बांग्लादेश में रह रहा है। वह 2007 से लश्कर के वरिष्ठ नेताओं के संपर्क में है। उसका नाम 26/11 मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड Hafiz Saeed और वरिष्ठ कमांडर Zaki-ur-Rehman Lakhvi से जुड़ा बताया जा रहा है।

जांच में हुए खुलासे

सूत्रों का कहना है कि 2007 में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जब लोन को गिरफ्तार किया था, तब उसके पास से ऐसे सबूत मिले थे जो उसके लश्कर नेतृत्व से सीधे संपर्क की पुष्टि करते थे। अब ताजा जांच में भी वही कड़ी सामने आई है। जांच एजेंसियों ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की भूमिका की भी आशंका जताई है। बताया जा रहा है कि आईएसआई भारत में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों को आतंकी गतिविधियों के लिए भर्ती करने की कोशिश कर रही थी और उन्हें आर्थिक मदद भी दी जा रही थी।

कहां से पकड़े गए आतंकी

गिरफ्तार आठ आरोपियों में से छह को तमिलनाडु के तिरुपुर जिले की गारमेंट इकाइयों से पकड़ा गया, जबकि दो अन्य को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने कई मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनकी जांच कर विदेशी कनेक्शन की पड़ताल की जा रही है। खुफिया एजेंसियों को पहले ही सूचना मिली थी कि लश्कर भारत में प्रमुख धार्मिक स्थलों को निशाना बना सकता है। शनिवार को लाल किले के पास संभावित विस्फोट की चेतावनी भी जारी की गई थी।

प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि यह साजिश 6 फरवरी को इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए विस्फोट का बदला लेने से जुड़ी हो सकती है। पिछले साल नवंबर में लाल किले के पास हुए कार विस्फोट में 13 लोगों की मौत हुई थी। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां इस नए मॉड्यूल को बेहद गंभीरता से ले रही हैं।

Leave a comment