
Mahakumbh Mela Stampede: मौनी अमावस्या के शाही स्नान के शुभ अवसर पर प्रयागराज के संगम तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। जिसके कारण वहां अफरा-तफरी मच गई। इस भीड़ की वजह से बैरिकेडिंग भी टूट गई और भगदड़ मच गई। मिली जानकारी के अनुसार, इस भगदड़ में 10से ज्यादा लोगों की मौत की खबर सामने आई है। इस घटना के तुरंत बाद प्रशासन और पुलिस हरकत में आई। उन्होंने मोर्चा संभालते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
बता दें, आज मौनी अमावस्या के शुभ दिन पर महाकुंभ में शाही स्नान होना था। शाही स्नान का समय सुबह पांच बजे था। लेकिन अचानक संगम तट पर श्रद्धालुओं की ऐसी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे भगदड़ मच गई और सब कुछ तहस-नहस हो गया।
संगम तट पर कैसी मची भगदड़?
बताया जा रहा है कि आज मौनी अमावस्या के शुभ दिन पर महाकुंभ में शाही स्नान के लिए रात 2बजे संगम तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। लेकिन इस दौरान बैरिकेडिंग का एक हिस्सा गिर गया। जिससे वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। देखते ही देखते स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी और लोग इधर-उधर भागने लगे।
वहीं, इस घटना के चश्मदीद लोगों का कहना है कि हम आराम से जा रहे थे। लेकिन तभी अचानक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ संगम तट पर पहुंच गई। जिसके बाद ये भीड़ बेकाबू हो गई और धक्का मुक्की होने लगी। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि संभलने का मौका ही नहीं मिला। लोगों ने कहा कि इस भगदड़ में कई लोग घायल भी हुए है।
पुलिस ने शुरू किया राहत बचाव कार्य
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, पैरामिलिट्री फोर्स और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बता दें, संगम क्षेत्र में पहले से ही फायर सर्विस का ऑल-टेरेन व्हीकल राहत बचाव कार्य में लगा हुआ था। इस व्हीकल की मदद से कई घायलों को सुरक्षित निकाला गया। इस मामले में मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) भरतेंदु जोशी ने बताया कि इस वाहन की मदद से बचाव अभियान तेजी से चलाया गया। क्योंकि ये वाहन घटनास्थल पर पहले से ही मौजूद था। जिसके बाद घायलों को तुरंत एंबुलेंस की गाड़ी तक पहुंचाया गया।
Leave a comment