जबलपुर हत्याकांड ने मचाई सनसनी, शव को टुकड़ों में काटकर नाले में फेंका

जबलपुर हत्याकांड ने मचाई सनसनी, शव को टुकड़ों में काटकर नाले में फेंका

Jabalpur Murder Case: मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नाले में एक अज्ञात शव के टुकड़े मिले हैं, जिसे क्रूरता से काटकर फेंका गया था। इस खौफनाक वारदात ने न केवल पुलिस को चौंकाया है, बल्कि पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, मध्य प्रदेश के जबलपुर के गोहलपुर थाना क्षेत्र स्थित नंदन विहार कॉलोनी के एक नाले में अज्ञात शव के टुकड़े मिले। नाले में कुछ असामान्य देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नाले से शव के टुकड़ों को बरामद किया, जिनमें दो हाथ, दो पैर और धड़ शामिल थे। लेकिन शव का सिर अब तक नहीं मिला है। पुलिस ने शव की स्थिति देखकर बताया कि शायद इसे कई दिनों पहले नाले में फेंका गया था। क्योंकि शव बुरी तरह गल चुका था।

इसके बाद पुलिस ने शव के टुकड़ों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में शव की कलाई पर 'MANJU' और 'PARAM' नाम के टैटू मिले हैं, जो मृतक की पहचान में अहम सुराग हो सकते हैं। पुलिस ने अपनी जांच आगे बढ़ाते हुए घटनास्थल को सील कर दिया। गोहलपुर पुलिस, क्राइम ब्रांच, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से आसपास के इलाके की तलाशी की जा रही है।

पुलिस ने क्या कहा?

इस मामले में पुलिस ने किसी पुरानी रंजिश या व्यक्तिगत विवाद होने का शक जताया है। क्योंकि शव को जिस निर्ममता से काटा गया है। वह किसी पेशेवर अपराधी या सुनियोजित साजिश की ओर इशारा करता है। वहीं, गोहलपुर थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को ने बताया कि पुलिस हर संभव कोशिश कर रही है। ताकि मृतक की पहचान हो सके और इस जघन्य अपराध के पीछे के दोषियों को पकड़ा जा सके। लेकिन इस घटना ने गोहलपुर और आसपास के इलाकों में डर का माहौल पैदा कर दिया है।  

Leave a comment