Madhya Pradesh Crime: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। करन पठार थाना क्षेत्र की सरई चौकी के गिजरी पंचायत के अमोदा गांव में एक युवक ने अपने ही परिवार के लोगों पर डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में उसकी मां, नाना और नानी की मौके पर मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल पांच साल की बच्ची ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। पुलिस के मुताबिक, 32 वर्षीय प्रेम सिंह गोंड को ग्रामीणों ने किसी वजह से रस्सी से बांधकर रखा था। सुबह उसकी मां 50 वर्षीय अनूपिया बाई ने बेटे को बंधा देखा तो उसकी रस्सियां खोल दीं। रस्सी खुलते ही प्रेम सिंह ने घर में रखा डंडा उठाया और परिवार के लोगों पर हमला कर दिया।
सबसे पहले अपनी मां की ही जान
बताया जा रहा है कि आरोपी ने सबसे पहले अपनी मां अनूपिया बाई पर डंडे से हमला किया। गंभीर चोट लगने के बाद वह जमीन पर गिर गईं। इसके बाद बीच-बचाव करने पहुंचे 75 वर्षीय नाना संपत सिंह गोंड और 70 वर्षीय नानी भन्नी बाई गोंड पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घर से चीख-पुकार सुनकर आरोपी के मामा और उनकी दो बेटियां मदद के लिए पहुंचे। आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए। सभी घायलों को इलाज के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया।
पांच साल की बच्ची की हालत बेहद गंभीर
इलाज के दौरान पांच साल की बच्ची की हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद बच्ची को बचाया नहीं जा सका। बच्ची की मौत के बाद इस वारदात में मृतकों की संख्या चार हो गई है। फिलहाल बाकी घायलों का इलाज शहडोल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर आरोपी ने अपने ही परिवार के लोगों पर इतना खौफनाक हमला क्यों किया।
Also read: MP News: राहुल गांधी ने MP सरकार से मांगा जवाब, बोले- लोगों को स्कूल, अस्पताल और उनका हक दीजिए