Jammu & Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बसोहली इलाके में मंगलवार शाम CISF कैंप में फायरिंग की गंभीर घटना सामने आई। सेवा हाइडल पावर प्रोजेक्ट के मशका क्षेत्र में तैनात एक CISF हेड कांस्टेबल ने कथित तौर पर अपने ही साथियों पर गोली चला दी। इस घटना में असिस्टेंट कमांडेंट समेत चार CISF कर्मियों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, फायरिंग के बाद आरोपी जवान को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7 बजे CISF कर्मियों के बीच किसी मुद्दे को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद विवाद बढ़ गया और एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से साथियों पर फायरिंग कर दी। घटना कठुआ के बसोहली क्षेत्र में स्थित सेवा हाइडल प्रोजेक्ट के परिसर में हुई, जो हिमाचल प्रदेश की सीमा के करीब है।
असिस्टेंट कमांडेंट समेत चार की मौत
फायरिंग में गंभीर रूप से घायल चार CISF कर्मियों को इलाज के लिए नजदीकी NHPC अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान असिस्टेंट कमांडेंट और कंपनी कमांडर अंकित कुमार पांडे, सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल रफीक अहमद और कांस्टेबल संदीप कुमार के रूप में हुई है।
आरोपी जवान हिरासत में
अधिकारियों के अनुसार, फायरिंग के बाद आरोपी हेड कांस्टेबल को उसके साथियों ने काबू किया और बाद में उसे स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। उसकी सर्विस राइफल भी जांच के तहत जब्त की गई है। पुलिस और CISF की टीमें घटना की परिस्थितियों और फायरिंग के पीछे की वजह की जांच कर रही हैं।