
South America Operation CHASE: फ्रांस के लियोन से मिली जानकारी के अनुसार, INTERPOL के समन्वय में दक्षिण अमेरिका में पहली बार सीमा पार दोहरे उपयोग वाले रसायनों (डुअल-यूज केमिकल्स) की तस्करी के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया। इस अभियान में Colombia, Ecuador और Peru की पुलिस, इमिग्रेशन और कस्टम एजेंसियों ने मिलकर कार्रवाई की।
सीमाओं पर की गई थी जांच
नवंबर, 2025 में 12 दिनों तक चले इस ऑपरेशन के दौरान सीमाओं और बंदरगाहों पर 50,000 से ज्यादा जांच की गईं। इक्वाडोर में नई खुफिया जानकारी के आधार पर इंटरपोल ने ऑरेंज नोटिस जारी किया, जिसमें 196 सदस्य देशों को सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरे की चेतावनी दी गई। जांच के दौरान अधिकारियों को यात्री बसों के सामान रखने वाले हिस्से में विस्फोटक डेटोनेटर मिले। अपराधी आम यात्रियों के साथ सफर कर जांच से बचने की कोशिश कर रहे थे।
जांच में हुआ खुलासा
इक्वाडोर और पेरू की सीमा पर हुआ क्विलास क्षेत्र में गश्त के दौरान तस्करी का एक नया तरीका भी सामने आया। अपराधी पुराने कृषि वाहनों को टैंकर में बदलकर ईंधन की तस्करी कर रहे थे। जांच में पता चला कि संगठित अपराधी गिरोह वैध रूप से बिकने वाले डीजल जैसे औद्योगिक रसायनों का इस्तेमाल कर अवैध विस्फोटक बना रहे हैं। इस नए तरीके को लेकर इंटरपोल ने पर्पल नोटिस जारी किया।
ऑपरेशन के दौरान लोगों को किया गया गिरफ्तार
ऑपरेशन के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक अंतरराष्ट्रीय भगोड़ा भी शामिल था। ये आरोपी पेरू का नागरिक है और उसे अर्जेंटीना में पकड़ा गया। Argentina में गिरफ्तारी इंटरपोल के सहयोग से संभव हो सकी। आरोपी पर विस्फोटकों से उगाही, अवैध हथियार तस्करी और हिंसक हमलों के आरोप हैं। इस कार्रवाई में 4,000 डेटोनेटर, 10,450 लीटर डीजल, 60,000 मीटर सेफ्टी फ्यूज, 2 टन विस्फोटक और 18 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। यह ऑपरेशन दिखाता है कि कानूनी रसायनों की सप्लाई चेन का दुरुपयोग बढ़ रहा है और इससे निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग बेहद जरूरी है।
Leave a comment