IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच जब भी खेल का मुकाबला होता है, रोमांच अपने आप बढ़ जाता है। अब एक बार फिर दोनों टीमें हॉकी के मैदान पर आमने-सामने हो सकती हैं। खास बात यह है कि यह मुकाबला भारतीय जमीन पर होने वाला है। मेन्स एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 1 नवंबर को प्रस्तावित है। मेन्स एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आयोजन 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पंजाब में किया जाएगा। टूर्नामेंट के कार्यक्रम का ऐलान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया। हॉकी इंडिया के मुताबिक, इस प्रतियोगिता में मौजूदा चैंपियन और मेजबान भारत के अलावा पाकिस्तान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, चीन और जापान की टीमें हिस्सा लेंगी। ओमान और बांग्लादेश को रिजर्व टीम के तौर पर रखा गया है।
जालंधर और मोहाली में होंगे मुकाबले
टूर्नामेंट के मैच पंजाब के दो शहरों में खेले जाएंगे। शुरुआती और ग्रुप स्टेज के मुकाबले जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में होंगे। यहीं 2 नवंबर तक ग्रुप स्टेज के मैच खेले जाएंगे और ओपनिंग सेरेमनी भी आयोजित होगी। इसके बाद टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबले मोहाली में होंगे। 4 नवंबर को सेमीफाइनल और 5 नवंबर को फाइनल ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा।
1 नवंबर को हो सकता है भारत-पाक मैच
भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला 1 नवंबर को प्रस्तावित है। दोनों देशों के बीच हॉकी की पुरानी प्रतिद्वंद्विता को देखते हुए इस मैच को लेकर फैंस में अभी से उत्साह है। हालांकि, पाकिस्तान की टीम भारत आएगी या नहीं, इसे लेकर अभी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है।
सरकार की मंजूरी पर निर्भर पाकिस्तान का दौरा
पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) के अध्यक्ष मोहिउद्दीन अहमद वानी ने 14 सितंबर को कहा कि पाकिस्तान की टीम का भारत दौरा सरकार की मंजूरी पर निर्भर करेगा। उन्होंने साफ किया कि फेडरेशन सरकार के निर्देश के अनुसार ही इस मामले में आगे कदम उठाएगा।
भारत के पास लगातार तीसरी बार खिताब जीतने का मौका
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 2011 से हो रहा है। भारत इस टूर्नामेंट में सबसे सफल टीम है और 5 बार खिताब जीत चुका है। भारतीय टीम पिछले दो संस्करणों की चैंपियन है। ऐसे में इस बार उसके पास लगातार तीसरी बार ट्रॉफी जीतने का मौका होगा। वहीं पाकिस्तान भी इस टूर्नामेंट को 3 बार अपने नाम कर चुका है।
Also read: वैभव को प्लेइंग इलेवन से किया बाहर तो गुस्से से झल्ला उठीं पूर्व सेलेक्टर की वाइफ! किसको सुनाई खरी-खोटी