
Sonia Gandhi On President Murmu Address:संसद के बजट सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राष्ट्रपति के संबोधन पर टिप्पणी करते हुए उन्हें "पुअर लेडी" यानी बेचारी महिला कहकर तंज कसा।
बता दें कि,राष्ट्रपति के अभिभाषण पर सवाल पूछे जाने पर सोनिया गांधी ने शुरुआत में मीडिया से कोई जवाब नहीं दिया। कुछ समय बाद, सोनिया और राहुल गांधी आपस में इस पर चर्चा करते हुए दिखे। फिर सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति के संबोधन पर टिप्पणी की और कहा कि इसमें "झूठे वादे" हैं। इसी दौरान राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण को "बोरिंग" कहा। सोनिया गांधी ने इसका जवाब देते हुए कहा, "पुअर लेडी... राष्ट्रपति आखिर में बहुत थक गई थीं।"
राष्ट्रपति ने मोदी सरकार की उपलब्धियां बताईं
संसद के बजट सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने अभिभाषण में मोदी सरकार की कई उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने संसद के दोनों सदनों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। इसके साथ ही, उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं और उनके प्रभावों के बारे में बताया। राष्ट्रपति मुर्मू ने यह भी कहा कि लोन और बीमा को अब आम जनता के लिए और भी सुलभ बना दिया गया है।
देश में हो रहे बदलावों का उल्लेख
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार मिशन मोड में काम कर रही है और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। विदेशों से भारी निवेश आ रहा है, जिसके कारण देश के युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। इसके अलावा, उन्होंने संविधान को अपनाए जाने के 75 साल पूरे होने का जिक्र भी किया। उन्होंने जम्मू कश्मीर में चल रही रेल परियोजना के पूरा होने को बड़ी उपलब्धि बताया।
Leave a comment