
Rohini CRPF school Blast: दिल्ली के रोहिणी इलाके में CRPFस्कूल के बाहर हुए ब्लास्ट के बाद, मुख्यमंत्री आतिशी ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी भाजपा की केंद्र सरकार की है। आतिशी ने आरोप लगाया कि आज दिल्ली की स्थिति मुंबई जैसी हो गई है, जहां रोजाना गैंगस्टर द्वारा जबरन वसूली की खबरें सामने आ रही हैं।
मुख्यमंत्री ने मोदी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “दिल्ली में कानून-व्यवस्था भाजपा की केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। भाजपा अपना 99%समय चुनी हुई सरकार के कार्यों को रोकने में लगा रही है।” उन्होंने आगे कहा, “दिल्ली में आज वही हालात हैं जो एक समय में मुंबई में होते थे। कल शाम वेलकम इलाके में 60राउंड गोलियां चलीं। रोजाना गैंगस्टर द्वारा जबरन वसूली की खबरें आ रही हैं। आज एक स्कूल के बाहर ब्लास्ट हुआ। दिल्ली में ये क्या हो रहा है?”
CRPFस्कूल के पास से बरामद सफेद पाउडर और वायर
रोहिणी में हुए ब्लास्ट के मामले में जांच एजेंसियों को चौंकाने वाले तथ्य मिले हैं। घटना स्थल से एक वायर नुमा चीज़ और सफेद पाउडर बरामद किया गया है। पाउडर के सैंपल FSL और NSG टीम द्वारा इकट्ठा किए गए हैं। गृह मंत्रालय इस मामले की जांच NIA को सौंपने पर विचार कर रहा है, क्योंकि अधिकारियों को संदेह है कि दिल्ली में कोई बड़ी साजिश रची जा रही है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने भी एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
वेलकम इलाके में झगड़े के बाद फायरिंग की घटना
इसके पहले, शनिवार की शाम दिल्ली के वेलकम इलाके में दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया, जिसमें करीब 17 राउंड फायरिंग की गई। अधिकारियों के अनुसार, इस गोलीबारी में 22 वर्षीय महिला इफरा घायल हो गई। पुलिस ने बताया कि जींस बनाने वाले दो समूहों के बीच पैसे के लेन-देन को लेकर झगड़ा हुआ था। घटना शाम करीब साढ़े चार बजे हुई, जब दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी शुरू हुई और इफरा को सीने में गोली लग गई।
Leave a comment